नई दिल्ली: भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला अहमदाबाद में पारी और 140 रन से जीतकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। अब सीरीज का दूसरा और आखिरी टेस्ट मैच 10 अक्तूबर से दिल्ली में खेला जाएगा, जहां टीम इंडिया इस बढ़त को निर्णायक जीत में बदलने उतरेगी। कप्तान शुभमन गिल की नजरें इस मुकाबले में बतौर कप्तान अपनी पहली टेस्ट सीरीज जीतने पर होंगी। दूसरी ओर, इस मैच में प्लेइंग इलेवन में कुछ बदलाव भी देखने को मिल सकते हैं। जसप्रीत बुमराह और साई सुदर्शन को बाहर बैठाया जा सकता है, जबकि सुदर्शन की जगह देवदत्त पडिक्कल को मौका मिलने की संभावना है। टीम मैनेजमेंट प्लेइंग संयोजन को ध्यान में रखते हुए बदलाव कर सकता है।
दरअसल जसप्रीत बुमराह की बात करें तो एशिया कप 2025 का फाइनल उन्होंने 28 सितंबर को खेला था। इसके बाद वह सीधे टीम के साथ अहमदाबाद पहुंच गए थे। वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट में उन्होंने शानदार गेंदबाजी भी की थी। अब दिल्ली टेस्ट में वर्कलोड मैनेजमेंट के चलते बुमराह को आराम दिया जा सकता है। 19 अक्टूबर से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज से भी वह बाहर हैं और 29 अक्टूबर से होने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज में मैदान पर उतरेंगे। अभी ऑस्ट्रेलिया के कठिन दौरे से पहले उनको आराम देकर प्रसिद्ध कृष्णा को मौका दिया जा सकता है। बुधवार को अभ्यास सत्र में भी कृष्णा ने लंबे समय तक बुमराह, सिराज और रेड्डी के साथ गेंदबाजी की।
साई सुदर्शन पर सस्पेंस बरकरार
साई सुदर्शन का लगातार फ्लॉप होना कप्तान शुभमन गिल और कोच गौतम गंभीर के लिए चिंता का विषय बन गया है। अब तक खेली गई 7 टेस्ट पारियों में उन्होंने सिर्फ 147 रन बनाए हैं, जिसमें महज एक अर्धशतक शामिल है। अहमदाबाद टेस्ट में भी उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा था। ऐसे में दिल्ली टेस्ट उनके लिए आखिरी मौका साबित हो सकता है। दूसरी ओर, देवदत्त पडिक्कल मजबूत दावेदार के रूप में उभरे हैं। हाल ही में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ अनाधिकारिक टेस्ट में शानदार 150 रन की पारी खेली थी। इसके अलावा भारत के लिए खेली गई तीन टेस्ट पारियों में वह एक अर्धशतक भी लगा चुके हैं। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि टीम मैनेजमेंट सुदर्शन को एक और मौका देता है या पडिक्कल पर भरोसा जताया जाता है।
क्या टेस्ट में अर्शदीप सिंह पहनेंगे टेस्ट कैप?
भारत के लिए इंग्लैंड दौरे पर पांच टेस्ट मैचों तक बेंच पर बैठे रहे अर्शदीप सिंह को अभी भी टेस्ट कैप का इंतजार है। वह वेस्टइंडीज सीरीज के लिए भी टेस्ट स्क्वाड का हिस्सा हैं। मगर दिल्ली टेस्ट में अगर बुमराह को आराम दिया गया तो प्रसिद्ध कृष्णा को मौका मिलेगा या फिर अर्शदीप सिंह को डेब्यू का मौका मिल सकता है। अर्शदीप सिंह को सफेद जर्सी में देखना काफी रोचक हो सकता है। वहीं अक्षर पटेल को शायद प्लेइंग 11 में मौका नहीं मिल पाएगा। स्पिन की जिम्मेदारी कुलदीप यादव, रविंद्र जडेजा और वाशिंगटन सुंदर के ऊपर होगी।
भारत की संभावित Playing 11
यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल/साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, नितीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह/प्रसिद्ध कृष्णा/अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज।


