दुबई. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (International Cricket Council) ने बुधवार को ताजा टी-20 और वनडे प्लेयर रैंकिंग जारी की, जिसमें भारतीय तेज गेंदबाज Jasprit Bumrah को बड़ा फायदा मिला है। बुमराह बिना कोई मैच खेले ही टी-20 गेंदबाजों की रैंकिंग में टॉप-5 में पहुंच गए हैं। बुमराह 702 रेटिंग अंक के साथ पांचवें स्थान पर आ गए हैं। दरअसल, साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच चल रही सीरीज में अफ्रीकी गेंदबाज Corbin Bosch को मौका नहीं मिला, जिससे उनके रेटिंग अंक घटे और वे छठे स्थान पर खिसक गए। इसका सीधा फायदा बुमराह को मिला। गौरतलब है कि बुमराह टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच भी रहे थे।
बल्लेबाजों की रैंकिंग में भारतीय युवा बल्लेबाज Abhishek Sharma शीर्ष स्थान पर कायम हैं। उनके 875 रेटिंग अंक हैं और वे जुलाई 2025 से लगातार नंबर-1 टी-20 बल्लेबाज बने हुए हैं। दूसरे स्थान पर Ishan Kishan हैं और दोनों के बीच सिर्फ 4 अंकों का अंतर है। न्यूजीलैंड के कप्तान Mitchell Santner को भी शानदार प्रदर्शन का फायदा मिला है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज के शुरुआती दो मैचों में 3 विकेट और 35 रन बनाने के बाद उन्होंने गेंदबाजों की रैंकिंग में 11 स्थान की छलांग लगाते हुए 13वां स्थान हासिल किया। वहीं ऑलराउंडर्स की सूची में भी सैंटनर दो पायदान ऊपर चढ़कर सातवें स्थान पर पहुंच गए हैं, जो उनका करियर बेस्ट है।
बल्लेबाजों की सूची में न्यूजीलैंड के Devon Conway ने चार स्थान की छलांग लगाकर 70वां स्थान हासिल किया है। ऑलराउंडर्स की टी-20 रैंकिंग में इस बार कोई नया नाम शामिल नहीं हुआ है, हालांकि सैंटनर ने अपनी स्थिति मजबूत की है। वनडे रैंकिंग की बात करें तो पाकिस्तान के Salman Ali Agha को बड़ा फायदा हुआ है। बांग्लादेश के खिलाफ आखिरी वनडे में शतक लगाने के बाद उन्होंने 9 स्थान की छलांग लगाकर 10वां स्थान हासिल किया। उनके 664 रेटिंग अंक हैं, जो भारत के KL Rahul के बराबर हैं।
वहीं बांग्लादेश के Mehidy Hasan Miraz ने भी शानदार प्रदर्शन के दम पर वनडे गेंदबाजों की रैंकिंग में 9 स्थान की छलांग लगाकर सातवां स्थान हासिल किया। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज में 5 विकेट लिए और टीम को 2-1 से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। इसके अलावा बांग्लादेश के गेंदबाज Taskin Ahmed 12 स्थान ऊपर चढ़कर 28वें और Mustafizur Rahman 13 स्थान की बढ़त के साथ 47वें स्थान पर पहुंच गए हैं।


