नई दिल्ली: इंग्लैंड में खेले जा रहे घरेलू टी20 टूर्नामेंट टी20 ब्लास्ट में जोस बटलर ने 17 जुलाई को यॉर्कशायर के खिलाफ खेले गए मुकाबले में अपने करियर की एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। इस मैच में शानदार बल्लेबाजी करते हुए बटलर ने टी20 क्रिकेट में एक खास आंकड़ा पार किया, जिससे वह विराट कोहली और क्रिस गेल जैसे दिग्गजों के स्पेशल क्लब में शामिल हो गए। उनका यह प्रदर्शन एक बार फिर दिखाता है कि वह दुनिया के सर्वश्रेष्ठ टी20 बल्लेबाजों में क्यों गिने जाते हैं। बटलर जो लंकाशायर की टीम से खेलते हैं उनके बल्ले से इस मुकाबले में 77 रनों की बेहतरीन पारी देखने को मिली, जिसके दम पर वह इंग्लैंड की तरफ से टी20 क्रिकेट में 13000 रनों का आंकड़ा पूरा करने वाले सिर्फ दूसरे और वर्ल्ड क्रिकेट में 7वें खिलाड़ी बन गए हैं।
टी20 के महारथियों में शामिल हुए बटलर, रच दिया नया इतिहास
टी20 ब्लास्ट में यॉर्कशायर के खिलाफ खेले गए मुकाबले में जोस बटलर ने अपनी टीम के लिए अहम पारी खेली। उन्होंने 46 गेंदों का सामना करते हुए 77 रनों की धमाकेदार पारी खेली, जिसमें कई आकर्षक शॉट्स और दमदार स्ट्रोक्स शामिल थे। उनकी यह पारी ना सिर्फ टीम के स्कोर को मजबूत करने में मददगार रही, बल्कि उनके करियर के लिए भी एक खास उपलब्धि लेकर आई। जिसमें वह 8 चौके और तीन छक्के लगाने में कामयाब हुए थे। बटलर की इस पारी के दम पर लंकाशायर की टीम 19.5 ओवर्स में 174 रन बनाकर सिमटी। वहीं यॉर्कशायर की टीम टारगेट का पीछा करते हुए 153 रन बनाकर सिमट गई और उसे 21 रनों से हार का सामना करना पड़ा। बटलर जहां अपनी पारी के दम पर टीम को एक शानदार जीत दिलाने में कामयाब हुए तो वहीं वह विराट कोहली और क्रिस गेल के क्लब में भी शामिल हो गए। बटलर ने 13000 टी20 रनों का आंकड़ा अपने करियर के 457वें मैच में हासिल किया।
टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी
क्रिस गेल – 14562 रन
कायरन पोलार्ड – 13854 रन
एलेक्स हेल्स – 13814 रन
शोएब मलिक – 13571 रन
विराट कोहली – 13543 रन
डेविड वॉर्नर – 13395 रन
जोस बटलर – 13046 रन
टी20 लीग्स के सुपरस्टार: जोस बटलर का ग्लोबल धमाल
अगर जोस बटलर के टी20 करियर पर नजर डालें तो वह वर्ल्ड क्रिकेट की लगभग सभी प्रमुख टी20 लीग में खेलते हुए नजर आते हैं। चाहे आईपीएल हो, टी20 ब्लास्ट, बीबीएल या फिर द हंड्रेड, बटलर हर लीग में अपनी धमाकेदार बल्लेबाजी से छाप छोड़ चुके हैं। उनकी आक्रामक शैली, स्ट्राइक रोटेशन और बड़े शॉट्स खेलने की क्षमता ने उन्हें टी20 क्रिकेट का एक भरोसेमंद और खतरनाक बल्लेबाज बना दिया है।


