कैम्पियन स्कूल के स्केटर्स ने भोपाल संभाग को दिलाया ओवरऑल चैम्पियनशिप का खिताब

0

एनएसटी न्यूज, भोपाल। ग्वालियर में आयोजित 69वीं राज्य स्तरीय अंतरशालेय रोलर स्केटिंग चैम्पियनशिप में कैम्पियन स्कूल, भोपाल के स्केटर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल छह पदक अपने नाम किए। स्कूल शिक्षा विभाग, मध्यप्रदेश शासन (SGFI) द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता का आयोजन आईटीएम यूनिवर्सिटी के स्केटिंग रिंक में हुआ।कैम्पियन स्कूल की कक्षा चौथी की छात्रा काश्वी शर्मा ने 1000 मीटर और 1500 मीटर स्पर्धाओं में दो स्वर्ण पदक जीते। वहीं, कक्षा छठवीं की रिषिका शिंदे ने 2000 मीटर वन लैप रेस में रजत पदक हासिल किया। कक्षा सातवीं के छात्र मो. अबान फारूकी ने 2000 मीटर में स्वर्ण और 1000 मीटर में कांस्य पदक जीतकर स्कूल के लिए दो और उपलब्धियां जोड़ीं। इस तरह तीन स्केटर्स ने विभिन्न आयु वर्गों में छह पदक जीतकर स्कूल और भोपाल संभाग का नाम रोशन किया।

भोपाल डिवीजन को मिला ओवरऑल चैम्पियनशिप खिताब

चार दिवसीय इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश के सभी संभागों से चयनित 450 खिलाड़ियों ने भाग लिया। कैम्पियन स्कूल के स्केटर्स ने भोपाल संभाग का प्रतिनिधित्व किया और अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से संभाग को ओवरऑल चैम्पियनशिप ट्रॉफी दिलाई।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के उत्साह और खेल भावना की प्रशंसा आयोजन समिति ने भी की। आयोजकों का कहना था कि स्केटिंग जैसे खेलों में मध्यप्रदेश के खिलाड़ी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं, जिससे राज्य का स्तर राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी बढ़ा है।

कोचों के मार्गदर्शन और मेहनत से मिली सफलता

कैम्पियन स्कूल के इन विजेता स्केटर्स ने कोच संजय मिश्रा और मीनाक्षी राजपूत के मार्गदर्शन में नियमित अभ्यास किया। उनकी मेहनत और अनुशासन ने उन्हें राज्य स्तरीय सफलता दिलाई।स्कूल के प्राचार्य फादर डॉ. अथनस लकड़ा एस.जे., उप प्राचार्य फादर मनोज मिंज, हेडमिस्ट्रेस सिस्टर रेनिषा और शारीरिक शिक्षा विभाग की एचओडी जेंसी कोश़ी ने सभी विजेता छात्रों और कोचों को बधाई दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here