Asian Olympics Qualifier: भारतीय ग्रीको रोमन पहलवानों का निराशाजनक प्रदर्शन

0

भारत के ग्रीको रोमन पहलवानों ने एशियाई ओलंपिक क्वालिफायर में निराशाजनक प्रदर्शन किया जिससे इनमें से कोई भी पेरिस ओलंपिक का कोटा हासिल नहीं कर सका। सुनील (87 किग्रा) ही एकमात्र भारतीय थे जो एक मुकाबला जीतने में सफल रहे वर्ना अन्य तो अपने पहले दौर में ही हारने के बाद बाहर हो गए। सुनील ने अपने पहले मैच में जापान के प्रतिद्वंद्वी सोह साकाबे को 5-1 से मात दी। लेकिन क्वार्टर फाइनल में उज्बेकिस्तान के जलगासबे बर्डीमुरातोव से 2-4 से हार गए। सुनील ने क्वार्टर फाइनल में दो बार खुद को उठाए जाने से बचाया। बल्कि कुछ समय के लिए वह मुकाबले में आगे भी चल रहे थे। लेकिन दो बार उन्हें प्रदान किए गए अंकों को वापस ले लिया गया क्योंकि उज्बेकिस्तान के शिविर ने रैफरी के फैसले को चुनौती दी और अंत में सुनील को बर्डीमुरातोव से हार मिली।

अंशु (67 किग्रा) की चुनौती दो मिनट से कम समय में ही समाप्त हो गई। वह उज्बेकिस्तान के अबरोर अताबाएव से क्वालीफिकेशन मुकाबला तकनीकी श्रेष्ठता से हार गए। सुमित (60 किग्रा), विकास (77 किग्रा), नीतेश (97 किग्रा) और नवीन (130 किग्रा) भी पहले ही दौर में हार गए। भारतीय ग्रीको रोमन पहलवानों ने पिछली बार ओलंपिक में 2016 में हिस्सा लिया था जब रविंदर खत्री और हरदीप सिंह रियो ओलंपिक में खेले थे। अब कोटा हासिल करने का अंतिम मौका नौ मई को तुर्की में होने वाले विश्व क्वालिफायर में मिलेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here