भोपाल में चार अगस्त से शुरू होगी सीबीएसई वेस्ट जोन तैराकी प्रतियोगिता, 400 स्कूल लेंगे हिस्सा

0

(NST News) भोपाल. एनआरआई ग्लोबल डिस्कवरी स्कूल, साकेत नगर 4 अगस्त से सीबीएसई वेस्ट जोन तैराकी प्रतियोगिता 2025-26 की मेजबानी करेगा। यह प्रतियोगिता 8 अगस्त तक चलेगी और इसमें देशभर के 400 से ज्यादा स्कूलों की टीमें हिस्सा लेंगी। आयोजन का मकसद छात्रों को तैराकी जैसे खेलों में भागीदारी के लिए प्रेरित करना और उनमें फिटनेस व प्रतिस्पर्धा की भावना बढ़ाना है। मध्य प्रदेश के लगभग 50 स्कूलों के छात्र भी इस प्रतियोगिता में उतरेंगे।

आयोजन स्थल पर सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। एनआरआई स्कूल के चेयरमैन सुबोध सिंह ने बताया कि 25 मीटर के स्विमिंग पूल के साथ फिनिशिंग लाइन पर कैमरा, मेडिकल सुविधा, और अन्य जरूरी इंतजाम किए गए हैं। यह प्रतियोगिता तारामती एजुकेशन सोसाइटी के सहयोग से आयोजित की जा रही है। आयोजन से छात्रों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा दिखाने और आत्मविश्वास बढ़ाने का शानदार मौका मिलेगा।

आयोजन में भाग लेने वाले छात्र चार आयु वर्गों में बंटे होंगे – अंडर-11, अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19। इन वर्गों में छात्रों को तीन से पांच व्यक्तिगत स्पर्धाओं में भाग लेने का मौका मिलेगा। प्रतियोगिता में फ्रीस्टाइल, बैकस्ट्रोक, ब्रेस्टस्ट्रोक, बटरफ्लाई और रिले जैसी प्रमुख तैराकी स्पर्धाएं कराई जाएंगी। हर दिन विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here