सेंट्रल इंडिया, द साउथ इंडियन कल्चरल बने विजेता

0

भोपाल। रेड रोज स्कूल मैदान पर खेली जा रही सीबीएसई क्लस्टर स्टेट लेवल खो-खो प्रतियोगिता में शनिवार को अंडर-१७ और अंडर-१९ की फाइनलिस्ट टीमों को संयुक्त विजेता घोषित किया गया। अंडर-19 बालक वर्ग के पहले सेमीफाइनल में सिका सीनियर सेकंडरी स्कूल, इंदौर ने एनी बेसेन्ट स्कूल को 6-3 से हराया। दूसरे सेमीफाइनल में सेन्ट्रल इंडिया अकादमी देवास ने मदर टेरेसा स्कूल को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। अंडर-19 बालिका में मदर टेरेसा ने विंध्याचल अकेडमी देवास को 13-9 से एवं अजमेरा मुकेश ने सिका सीनियर सेकंडरी नम्बर-2 को 4-2 से हराकर खिताबी में प्रवेश किया। वहीं अंडर-17 बालक आयु वर्ग के सेमीफाइनल में द साउथ इण्डियन कल्चरल ने विध्या सागर स्कूल को 6-4 अंक से एवं सेन्ट्रल इंडिया अकेडमी देवास ने एजूकेशन पार्क खरगोन को 9-4 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। अंडर 17 बालिका वर्ग के सेमीफाइनल में देवामाता स्कूल ने सेन्ट्रल इण्डिया अकेडमी देवास को 7-3 से, द साउथ इण्डियन कल्चरल इन्दौर ने सेन्ट रेफेल स्कूल ने 6-2 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था। तेज बारिश होने के कारण फाइनल मैच पूर्ण नहीं हो सके। इसके बाद सीबीएसई की ऑब्जर्वर मुक्ति शर्मा, आयोजन सचिव सागर रायकवार और टेक्निकल कमिटी के द्वारा प्रतियोगिता की सभी फाइनलिस्ट टीम को संयुक्त विजेता घोषित किया गया। इस प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण मुख्य अतिथि रेड रोज समूह के सचिव सुमित पोण्डा, कार्यकारी निदेशक हर्षिल पोण्डा, संचालक निदेशक यशराज पोण्डा के द्वारा किया गया।