(NST News) भोपाल. मध्य प्रदेश राज्य सीनियर फीडे रेटेड शतरंज चैंपियनशिप 2025 के दूसरे दिन रोमांच अपने चरम पर पहुंच गया। शनिवार को हुए पांचवें राउंड के मुकाबलों में चैतन्य अवध (जबलपुर), सूरज चौधरी (भोपाल) और कुशाग्र श्रीवास्तव (भोपाल) जैसे खिलाड़ियों ने अपने-अपने प्रतिद्वंद्वियों को मात देकर खिताब की दौड़ में खुद को मज़बूती से बनाए रखा। राजधानी भोपाल में जारी इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेशभर से आए साढ़े तीन सौ से अधिक खिलाड़ियों ने भागीदारी की है।

प्रतियोगिता के दूसरे दिन हुए मुकाबलों में कई नामी खिलाड़ियों को चौंकाने वाली हार का सामना करना पड़ा, वहीं कुछ युवा प्रतिभाओं ने दमदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। चैतन्य अवध ने जबलपुर के ही उत्कर्ष अग्रवाल को हराया, तो वहीं कुशाग्र श्रीवास्तव ने उज्जैन के चित्रांश श्रीवास्तव को शिकस्त दी। भोपाल के सूरज चौधरी ने शेख जहान को हराकर अंक तालिका में शीर्ष स्थान की ओर कदम बढ़ाए। खंडवा के वैभव तोमर ने नरसिंहपुर के वैभव नेमा को हराकर बड़ा उलटफेर किया, वहीं उज्जैन के देवांश सिंह ने भोपाल के करुणेश मिश्रा को मात दी। इसके अलावा भोपाल के काव्यांश अग्रवाल ने इंदौर के अनमोल चौहान को हराकर अहम जीत दर्ज की। जबलपुर के अनुभवी खिलाड़ी कमल मिश्रा ने भोपाल के प्रणीथ चौरघड़े को पराजित किया। अन्य मुकाबलों में भी रोमांच देखने को मिला। निकलेश जैन, ऋषभ मिश्रा, शाहिद अज़मत, मुकेश सक्सेना, कनिष्का चौधरी, जैन यथार्थ, शिवम जोशी, सौरभ जैन, आग्रम सिंह तोमर, दीपक बमने, जैन मेदंत और सिबी चक्रवर्ती ने भी अपने मुकाबले जीतकर अंकतालिका में खुद को मज़बूती से बनाए रखा।
प्रतियोगिता के छह राउंड में अब तक जो खिलाड़ी 5-5 अंक के साथ शीर्ष पर बने हुए हैं, उनमें चैतन्य अवध (जबलपुर), सूरज चौधरी (भोपाल), कुशाग्र श्रीवास्तव (भोपाल), काव्यांश अग्रवाल (भोपाल), सूरजभान सिंह (उज्जैन), देवांश सिंह (उज्जैन), कमल मिश्रा (जबलपुर) और वैभव तोमर (खंडवा) शामिल हैं। रविवार को अंतिम दो राउंड खेले जाएंगे, जो खिताब की तस्वीर तय करेंगे। इसके बाद समापन समारोह में विजेताओं को एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि, ट्रॉफी और प्रमाण पत्र दिए जाएंगे। साथ ही, शीर्ष चार खिलाड़ियों को राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए मध्य प्रदेश टीम में चुना जाएगा।


