चंबल घड़ियाल्स ने रॉयल निमाड़ ईगल्स को 31 रन से हराकर जीता MPL 2026 का खिताब

0

NST NEWS, इंदौर |  मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग (MPL) 2026 के फाइनल में चंबल घड़ियाल्स ने रॉयल निमाड़ ईगल्स को 31 रन से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। होलकर स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए चंबल ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 224 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में रॉयल निमाड़ ईगल्स की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 193 रन ही बना सकी।

चंबल घड़ियाल्स की जीत के नायक कप्तान शुभम शर्मा और विकेटकीपर बल्लेबाज अपूर्व द्विवेदी रहे। शुभम ने 38 गेंदों में 61 रन की कप्तानी पारी खेली, जबकि अपूर्व ने 25 गेंदों पर 51 रन बनाए। ट्रिपुरेश सिंह ने नाबाद 43 और रोहित कुमार गुप्ता ने 7 गेंदों पर 17 रन की तेज पारी खेलकर टीम को 224 रन तक पहुंचाया। रॉयल निमाड़ की ओर से कुमार कार्तिकेय, पुष्कर विश्वकर्मा, देवेंद्र सिंह कठैत और परुष मंडल ने एक-एक विकेट लिया।

225 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए रॉयल निमाड़ ईगल्स को धर्मेश पटेल (17), कप्तान हिमांशु मंत्री (44) और कनिष्क दुबे (21) ने तेज शुरुआत दिलाई, लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से टीम दबाव में आ गई। इसके बाद अभिषेख मावी ने शानदार संघर्ष करते हुए 39 गेंदों में नाबाद 73 रन बनाए और परुष मंडल के साथ आठवें विकेट के लिए 74 रन की अविजित साझेदारी की, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।

चंबल घड़ियाल्स की ओर से आवेश खान और मयूर सिंह पटेल ने दो-दो विकेट लिए, जबकि अमन भदौरिया और ट्रिपुरेश सिंह को एक-एक सफलता मिली। मयूर सिंह पटेल ने चार ओवर में केवल 21 रन देकर दो विकेट लेकर रॉयल निमाड़ की वापसी की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।

रॉयल निमाड़ ईगल्स ने अपने पहले ही सीजन में फाइनल तक का सफर तय कर उपविजेता बनने का गौरव हासिल किया, जबकि चंबल घड़ियाल्स ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए MPL 2026 की ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here