पाकिस्तान की कप्तानी में बदलाव, फातिमा सना की जगह मुनीबा अली को मौका

0

नई दिल्ली : पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने आईसीसी महिला इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी 2026 के लिए 27 अक्टूबर 2026 को अपनी 14 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। विकेटकीपर-बल्लेबाज मुनीबा अली को टीम की कप्तानी सौंपी गई है, जबकि आयशा जफर उपकप्तान की जिम्मेदारी निभाएंगी। इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान की टीम मुनीबा अली के नेतृत्व में मैदान पर उतरेगी। नियमित कप्तान फातिमा सना ऑस्ट्रेलिया की घरेलू बिग बैश लीग में अपने पहले सीजन की प्रतिबद्धताओं के कारण टूर्नामेंट में उपलब्ध नहीं रहेंगी।

मुनीबा अली इससे पहले भी चार T20I और एक वनडे मैच में पाकिस्तान की कप्तानी कर चुकी हैं। टीम के बल्लेबाजी समूह में ईमान नसीर, अमान फातिमा, सदाफ शम्स, सायरा जबीन, शाहवाल जुल्फिकार और गुल फिरोजा शामिल हैं। गुल फिरोजा विकेट के पीछे टीम के लिए एक और विकल्प होंगी। गुल फिरोजा को हाल ही में पाकिस्तान में हुए नेशनल महिला T20 टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर-बल्लेबाज चुना गया था।

टूर्नामेंट में पाकिस्तान के गेंदबाजी आक्रमण की कमान नशरा संधू संभालेंगी। नशरा संधू के साथ मोमिना रियासत, तूबा हसन और उम्म-ए-हानी होंगी। ये सभी मिलकर स्पिन गेंदबाजी की चौकड़ी बनाएंगी। पेस अटैक की बात करें तो तस्मिया रुबाब और वहीदा अख्तर मुख्य तेज गेंदबाज हैं। हाल ही में संपन्न हुए एशियाई खेलों में पाकिस्तान की महिला टीम ने कांस्य पदक जीता था।

उस पाकिस्तानी टीम से 12 खिलाड़ियों ने अपनी जगह बरकरार रखी है, जबकि सदाफ और वहीदा की टीम में वापसी हुई है। विमेंस इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी के 2025 संस्करण में थाइलैंड की टीम चैंपियन बनी थी। टूर्नामेंट के पिछले संस्करण में आठ टीमों ने हिस्सा लिया था, जबकि इस साल टूर्नामेंट में कुल 10 टीमें मुकाबला करेंगी। टूर्नामेंट में कुल 30 मैच खेले जाएंगे।

10 टीमों की चुनौती

दस टीमों को दो समूहों में बांटा गया है। पाकिस्तान, बांग्लादेश, थाइलैंड, नीदरलैंड्स और जिम्बाब्वे के साथ ग्रुप B में है। ग्रुप A में श्रीलंका, आयरलैंड, स्कॉटलैंड, पापुआ न्यू गिनी और मेजबान संयुक्त अरब अमीरात (UAE) शामिल हैं।

राउंड-रॉबिन प्रारूप में होगी 10 टीमों की टक्कर, हर मुकाबला होगा अहम

सिंगल-लीग राउंड-रॉबिन चरण के बाद हर समूह से तीन-तीन टीमें ‘सुपर सिक्स’ चरण में पहुंचेगी। सुपर सिक्स चरण में सभी टीमें तीन-तीन मैच खेलेंगी। सुपर सिक्स चरण की शीर्ष दो टीमें बुधवार 25 नवंबर 2026 को फाइनल खेलेंगी।

पाकिस्तान की महिला क्रिकेट टीम

मुनीबा अली (कप्तान), आयशा जफर (उप-कप्तान), ईमान नसीर, अमान फातिमा, गुल फिरोजा, मोमिना रियासत, नशरा संधू, सदाफ शम्स, सायरा जबीन, शवाल जुल्फिकार, तस्मिया रुबाब, तूबा हसन, उम्म-ए-हानी, वहीदा अख्तर।

सपोर्ट स्टाफ

वहाब रियाज (मेंटर), आयशा अशर (टीम मैनेजर), अब्दुर रहमान (स्पिन बॉलिंग कोच), उमैद आसिफ (फास्ट बॉलिंग कोच), अब्दुल मजीद (क्षेत्ररक्षण कोच), इमरान फरहत (बल्लेबाजी कोच), वलीद अहमद (परफॉर्मेंस एनालिस्ट), मोईन (स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच) और दुर समंद (फिजियोथेरेपिस्ट)।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here