राज्य स्तरीय स्कूल गेम्स में अव्यवस्था: बिना स्टार्टिंग ब्लॉक के दौड़ाए खिलाड़ी, रात 10 बजे तक चले मुकाबले, ट्रैक में आया श्वान, विशेषज्ञ बोले ये खिलाड़ियों के साथ मजाक है

0

एनएसटी न्यूज, भोपाल। टीटी नगर स्टेडियम में चल रही 69वीं शालेय राज्य स्तरीय स्कूल गेम्स एथलेटिक्स प्रतियोगिता में अव्यवस्थाओं का आलम रहा। शनिवार को हुई 100 और 200 मीटर रेस में खिलाड़ियों को बिना स्टार्टिंग ब्लॉक के ही दौड़ाया गया। आयोजन में मौजूद विशेषज्ञों ने इसे लापरवाही बताया। उन्होंने कहा कि 100 और 200 मीटर जैसी स्प्रिंट रेस में स्टार्टिंग ब्लॉक का उपयोग बेहद जरूरी होता है। अगर ब्लॉक उपलब्ध नहीं हैं, तो खिलाड़ियों को बैठकर स्टार्ट कराया जा सकता है, लेकिन बिना किसी व्यवस्था के उन्हें दौड़ाना खेल भावना और सुरक्षा दोनों के खिलाफ है।

स्प्रिंट रेस के दौरान ट्रैक पर अचानक एक श्वान (कुत्ता) दौड़ गया, जिससे खिलाड़ियों को अचानक रुकना पड़ा और उनकी दौड़ प्रभावित हुई। मामले में आयोजन सचिव सी.जे. जायसन ने कहा कि हमारे पास स्टार्टिंग ब्लॉक उपलब्ध थे, लेकिन किसी कारणवश उन्हें लगाया नहीं गया। फिर भी प्रतियोगिता सुचारु रूप से संपन्न हुई। प्रतियोगिता चार दिनों तक चलेगी, जिसमें दस संभागों के 900 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। खिलाड़ियों और कोचों ने शिकायत की कि मुकाबले देर रात तक चलते हैं, कई बार रात 10 बजे तक इवेंट खत्म नहीं होते, जिससे बच्चों को आराम और अगली स्पर्धा की तैयारी में दिक्कत होती है। खिलाड़ियों ने सवाल उठाया कि जब राज्य स्तरीय आयोजन में ही ऐसी व्यवस्थाएं हैं, तो स्कूल स्तर पर खेल प्रतिभाओं को कैसे निखारा जाएगा।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here