Chess: कैंडिडेट्स टूर्नामेंट जीतकर डी गुकेश की लाइव रेटिंग 2763.4 तक पहुंच गई

0

नई दिल्ली: कैंडिडेट्स टूर्नामेंट जीतकर डी गुकेश की लाइव रेटिंग 2763.4 तक पहुंच गई है। वह छठे स्थान पर हैं। लाइव रेटिंग के अनुसार गुकेश विश्व चैंपियन चीन के डिंग लिरेन से आगे निकल गए हैं। डिंग की लाइव रेटिंग 2762 है और वह सातवें स्थान पर हैं। यह भी तय है कि एक मई को फिडे की ओर से जारी होने वाली रैकिंग में गुकेश विश्व नंबर छह होंगे और लिरेन का उनसे पीछे सातवां स्थान होगा।

यही नहीं लाइव रेटिंग के अनुसार वह देश के भी नंबर एक शतरंज खिलाड़ी बन गए हैं। एक मई को इसकी आधिकारिक घोषणा हो जाएगी। इसके बाद वह विश्वनाथन आनंद को भी पीछे छोड़ देंगे। यह भी संभावना है कि विश्व चैंपियनशिप के मुकाबले के दौरान चुनौतीकर्ता गुकेश की रैंकिंग विश्व चैंपियन डिंग से ऊपर रह सकती है। ग्रैंड मास्टर प्रवीण थिप्से का कहना है कि विश्व चैंपियनशिप के मुकाबले से पहले चुनौतीकर्ता और विश्व चैंपियन कम मुकाबलों में उतरते हैं, जिससे उनकी रेटिंग में बहुत ज्यादा फर्क नहीं पड़ता है। अंतिम बार 2013 में ऐसा हुआ था जब चुनौतीकर्ता मैग्नस कार्लसन की रेटिंग विश्व चैंपियन विश्वनाथन आनंद के मुकाबले ज्यादा थी। यहां कार्लसन जीते थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here