(NST News) भोपाल. मध्यप्रदेश की क्रिकेट प्रतिभाओं को निखारने वाले अनुभवी कोच संजय पाण्डेय अब छत्तीसगढ़ अंडर-23 क्रिकेट टीम की कमान संभालेंगे। संजय ने इससे पहले मध्यप्रदेश को कूच बिहार ट्रॉफी और कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी के फाइनल तक पहुंचाया था। इसके अलावा, उन्होंने भोपाल लेपर्ड को एमपीएल-25 का चैंपियन भी बनाया। वे पोंडिचेरी की टीम को भी कोचिंग दे चुके हैं।
संजय पाण्डेय भारतीय स्टेट बैंक, आरबीओ-1 में पदस्थ हैं। वे खुद एक सफल क्रिकेटर रहे हैं और मध्यप्रदेश के लिए 15 वर्षों तक प्रथम श्रेणी क्रिकेट खेल चुके हैं। वे मप्र की वनडे टीम के कप्तान भी रहे हैं। भेल स्पोर्ट्स क्लब, भोपाल से अपने खेल करियर की शुरुआत करने वाले संजय, पेस बॉलर अकादमी ग्वालियर और एमआरएफ पेस फाउंडेशन चेन्नई से प्रशिक्षित हैं।
तेज़ और बाउंसी गेंदबाज़ी के लिए जाने जाने वाले संजय ने अपने प्रथम श्रेणी करियर में 72 मैचों में 240 विकेट चटकाए हैं। उनकी कोचिंग में कई युवा गेंदबाज़ों को नई दिशा मिली है। छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ को उम्मीद है कि उनकी अगुवाई में टीम को नई ऊंचाइयां मिलेंगी।


