एशियन गेम्स की स्वर्ण विजेता संजू देवी का मुख्यमंत्री ने किया अभिनंदन, 51 लाख की प्रोत्साहन राशि

0

रायपुर (NST NEWS)। जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम को स्वर्ण पदक दिलाने वाली छत्तीसगढ़ की बेटी संजू देवी ने मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने संजू देवी की ऐतिहासिक उपलब्धि पर उन्हें बधाई देते हुए सम्मानित किया और 51 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि संजू देवी ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और मजबूत इच्छाशक्ति के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। उनकी सफलता प्रदेश की युवा बेटियों और उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर देने के लिए प्रशिक्षण सुविधाओं, संसाधनों और प्रोत्साहन की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने संजू देवी से एशियन गेम्स के अनुभव साझा करने को कहा और भारतीय टीम के प्रदर्शन पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि किसी खिलाड़ी की सफलता सिर्फ व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं होती, बल्कि उससे नई पीढ़ी के खिलाड़ियों को अपने सपनों को पूरा करने का हौसला मिलता है।

फाइनल में ईरान को हराकर जीता स्वर्ण

जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 की महिला कबड्डी स्पर्धा के फाइनल में भारतीय टीम ने ईरान को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। टीम की इस गौरवपूर्ण सफलता में कोरबा जिले की संजू देवी की भी अहम भूमिका रही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के दूरस्थ क्षेत्रों से निकलने वाली प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। संजू देवी जैसी खिलाड़ियों की उपलब्धियां प्रदेश में खेल के प्रति सकारात्मक माहौल को और मजबूत करती हैं। संजू देवी ने मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए सम्मान और प्रोत्साहन के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह प्रोत्साहन उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here