China Masters Badminton: पीवी सिंधू क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं, चोचुवोंग को दी आसान मात

0

शेनझेन (चीन): भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू ने गुरुवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए चाइना मास्टर्स 2025 के क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। सिंधू ने थाईलैंड की छठी वरीय पोर्नपावी चोचुवोंग को सीधे गेम में 21-15, 21-15 से मात दी। यह मुकाबला सिर्फ 41 मिनट चला, जिसमें सिंधू पूरी तरह हावी रहीं। इस जीत के साथ सिंधू ने चोचुवोंग के खिलाफ अपना हेड-टू-हेड रिकॉर्ड भी सुधारते हुए 6-5 कर लिया है।

अब टक्कर टॉप सीड से!

क्वार्टर फाइनल में पीवी सिंधू का सामना कोरिया की शीर्ष वरीय एन से यंग और डेनमार्क की मिया ब्लिचफेल्ट के बीच होने वाले मैच की विजेता से होगा। यह मुकाबला सिंधू के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है, खासकर अगर उनका सामना एन से यंग से होता है, जो इस समय दुनिया की नंबर 1 बैडमिंटन खिलाड़ी मानी जाती हैं। एन से यंग की तेज़ रफ्तार और दमदार गेम स्टाइल किसी भी खिलाड़ी के लिए मुश्किल खड़ी कर सकती है, ऐसे में सिंधू को अपने अनुभव और रणनीति का बेहतरीन इस्तेमाल करना होगा।

जीत के बाद सिंधू ने कही ये बातें

हाल में हांगकांग ओपन के पहले ही दौर में बाहर होने वाली सिंधू ने इस जीत को आत्मविश्वास बढ़ाने वाला बताया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मैच के बाद उन्होंने कहा, ‘मैं जीत से खुश हूं और मेरे लिए शुरुआत से ही सतर्क रहना और अपना शत-प्रतिशत देना बेहद जरूरी था। पहला गेम जीतने के बाद मैं दूसरे गेम में ज्यादा सतर्क थी। मैंने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और मुझे खुशी है कि मैं जीत हासिल करने में सफल रही।’ उन्होंने आगे कहा कि क्वार्टर फाइनल के लिए उन्हें और तैयारी करनी होगी। सिंधू ने कहा, ‘सीधे गेम में जीत हमेशा आत्मविश्वास देती है। लेकिन आपको लंबे मैचों के लिए भी तैयार रहना होता है और यह सुनिश्चित करना होता है कि आप तेजी से आगे बढ़ें।’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here