मुख्यमंत्री से मिले ‘मिनी ब्राजील’ विचारपुर के खिलाड़ी और एशियन शूटिंग चैम्पियनशिप पदक विजेता

0

एनएसटी न्यूज, भोपाल। राजधानी में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मंगलवार को शहडोल जिले के ग्राम विचारपुर की ‘मिनी ब्राजील’ फुटबॉल टीम और कज़ाकिस्तान में आयोजित 16वीं एशियन शूटिंग चैम्पियनशिप के पदक विजेताओं से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह क्षण न केवल प्रदेश बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने खिलाड़ियों से संवाद कर उनके प्रयासों और उपलब्धियों की सराहना की और कहा कि ये युवा खेल प्रतिभाएँ प्रदेश की शक्ति और भविष्य की पहचान हैं।

विचारपुर से पांच खिलाड़ी और प्रशिक्षक होंगे विदेश रवाना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2023 में मन की बात कार्यक्रम में विचारपुर को ‘मिनी ब्राजील’ का नाम दिया था, जिसके बाद यह टीम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आई। अब जर्मनी के फुटबॉल क्लब FC Ingolstadt 04 ने विचारपुर के पाँच खिलाड़ियों और एक महिला प्रशिक्षक को 4 से 12 अक्टूबर 2025 तक प्रशिक्षण के लिए आमंत्रित किया है। चयनित खिलाड़ियों में सानिया कुशवाहा (14), सुजनी कोल (15), प्रीतम कुमार (14), वीरेंद्र बैगा (16) और मनीष घसिया (16) शामिल हैं। इनके साथ प्रशिक्षक लक्ष्मी साहसी (31 वर्ष) भी विदेश में प्रशिक्षण प्राप्त करेंगी।

शूटिंग चैम्पियनशिप विजेताओं का सम्मान

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने एशियन शूटिंग चैम्पियनशिप में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों से भी भेंट की। प्रदेश के खिलाड़ियों ने इस प्रतियोगिता में कुल 17 पदक हासिल किए। मुख्यमंत्री ने सभी विजेताओं को 10.81 लाख रुपये से अधिक की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया और कहा कि मध्यप्रदेश के खिलाड़ी अब केवल प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं और विश्वास जताया कि उनकी उपलब्धियाँ आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here