पैरा गेम्स से ठीक पहले कोच की छुट्टी, भारतीय निशानेबाजों ने उठाए सवाल

0

नई दिल्ली : जापान के आइची-नागोया में 18 अक्टूबर से शुरू होने वाले एशियन पैरा गेम्स 2026 से पांच दिन पहले भारतीय पैरा शूटिंग टीम के मुख्य कोच जेपी नौटियाल का नाम अंतिम दल से हटा दिया गया है। इसे लेकर एशियन पैरा गेम्स में पदक के दावेदारों में गहरी नाराजगी है। सोमवार 12 अक्टूबर 2026 को निशानेबाजों ने भारतीय खेल प्राधिकरण (Sports Authority of India) के मुख्यालय में अधिकारियों और पदाधिकारियों से मुलाकात कर रोष जाहिर किया।

पैरालंपिक पदक विजेता मनीष नरवाल, अर्जुन पुरस्कार विजेता मोना अग्रवाल और विश्व चैंपियन रुद्रांश खंडेलवाल सहित कई शीर्ष निशानेबाज सोमवार को साई मुख्यालय पहुंचे और अधिकारियों से मुलाकात की। साई अधिकारियों से मुलाकात करने वालों में निहाल सिंह, सृष्टि अरोड़ा, स्वरूप महावीर उन्हाल्कर, राकेश निदागुंडी, सुमेधा पाठक और भक्ति शर्मा भी शामिल थे। ये सभी खिलाड़ी जेपी नौटियाल के मार्गदर्शन में अंतरराष्ट्रीय पदक जीत चुके हैं।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मोना अग्रवाल ने कहा कि मुख्य कोच का साथ में होना बेहद जरूरी है, क्योंकि वह हमारे मेंटर हैं। अन्य खिलाड़ियों का भी कहना है कि बिना किसी प्रमाण के सिर्फ गैर-चयनित खिलाड़ियों के आरोपों के आधार पर मुख्य कोच को इस तरह हटाना टीम के मनोबल को तोड़ने जैसा है। पिछले दो साल से जो कोच दिन-रात तैयारी करा रहा है, उसे अंतिम समय में हटाने से एशियन पैरा गेम्स की तैयारियां प्रभावित होंगी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार खिलाड़ियों ने यहां तक कहा कि अगर जेपी नौटियाल को टीम के साथ नहीं भेजा गया तो वे खेलों में भागीदारी पर पुनर्विचार को मजबूर होंगे। बता दें कि पिछले हफ्ते ही कुछ गैर-चयनित निशानेबाजों ने PCI (पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया) और शूटिंग टेक्निकल कमेटी पर चयन में भ्रष्टाचार और 20% कमीशन मांगने का आरोप लगाया था।

आरोपों के केंद्र में कोच जेपी नौटियाल का नाम भी आया था। PCI ने उन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया था। खिलाड़ियों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष समीक्षा कर मुख्य कोच जेपी नौटियाल को तत्काल टीम में बहाल किया जाए। सोमवार देर शाम खेल मंत्रालय ने उन खेलों को मंज़ूरी दे दी जिनके मामले अटके हुए थे। खेल मंत्रालय ने यह कदम ऐसे समय उठाया, जब पैरा बैडमिंटन और पैरा टेबल टेनिस की टीमें मंगलवार शाम जापान के लिए रवाना होने वाली थीं, जबकि उनके अंतिम चयन और मंजूरी की प्रक्रिया में काफी देरी हो रही थी। इन मंजूरियों के साथ, पैरा साइक्लिंग से जुड़े अदालत में लंबित मामलों को छोड़कर, भारतीय दल को एशियन पैरा गेम्स में भाग लेने की अनुमति मिल गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here