नई दिल्ली: महिला वर्ल्ड कप 2025 के सेमीफाइनल मुकाबले में गुरुवार (30 अक्टूबर) को एक बड़ा विवाद देखने को मिला। यह घटना ऑस्ट्रेलिया की पारी के 16वें ओवर में हुई, जब कंगारू ओपनर फोबे लिचफिल्ड को मैदानी अंपायर ने आउट दे दिया था। भारत की ओर से अमनजोत कौर ने शानदार कैच लपका, लेकिन इसके कुछ ही पलों बाद मैदान पर ड्रामा शुरू हो गया। लिचफिल्ड जब पवेलियन लौटने लगीं, तभी तीसरे अंपायर से जांच की गई और फैसला पलट गया। इससे भारतीय खिलाड़ियों और फैंस के बीच नाराज़गी देखने को मिली।
श्री चरणी की आखिरी गेंद पर फोबे लिचफिल्ड ने रिवर्स स्वीप खेलने का प्रायस किया। शॉर्ट थर्ड मैन पर खड़ीं अमनजोत कौर ने उनका कैच लपक लिया। इसके बाद अंपायर ने लिचफिल्ड को आउट दे दिया। लिचफील्ड पवेलियन लौटने लगीं। तभी रिप्ले में पता चला कि गेंद जमीन पर लगने के बाद अमनजोत कौर के पास गई थी। इसकलिचफिल्ड को रोककर इसे चेक किया गया। फिर स्निको से बल्ले के बाद पिच पर गेंद लगने की पुष्टि होने के बाद नॉट आउट दिया गया।
इस घटना के वक्त फोबे लिचफिल्ड शानदार लय में बल्लेबाजी कर रही थीं। उन्होंने 53 गेंदों पर 63 रनों की दमदार पारी खेली थी, जबकि उनके साथ एलिसे पेरी 35 रन बनाकर नॉन-स्ट्राइकर एंड पर मौजूद थीं। उस समय ऑस्ट्रेलिया ने 16 ओवर में 1 विकेट पर 113 रन बना लिए थे। टीम का पहला झटका छठे ओवर में लगा था, जब कप्तान एलिसा हीली मात्र 5 रन बनाकर आउट हुईं। उनका विकेट भारत की गेंदबाज क्रांति गौड़ ने लिया था। 5.1 ओवर में ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 25 रन था, जिसके बाद कुछ देर बारिश के कारण खेल रोकना पड़ा था।


