एनएसटी न्यूज, भोपाल। कूच बिहार ट्रॉफी के चैंपियन बने होनहार क्रिकेटर प्रतीक शुक्ला का भोपाल स्थित अरेरा क्रिकेट अकादमी में भव्य स्वागत और अभिनंदन किया गया। चैंपियन बनने के बाद पहली बार अकादमी पहुंचने पर कोचेस, साथी खिलाड़ियों और ट्रेनी खिलाड़ियों ने तालियों और शुभकामनाओं के साथ उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर अरेरा अकादमी के मुख्य कोच सुरेश चैनानी ने प्रतीक शुक्ला की मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सफलता अकादमी के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। अकादमी के सचिव हेमंत कपूर ने कहा कि प्रतीक ने अपनी प्रतिभा और समर्पण से न सिर्फ अकादमी बल्कि भोपाल का नाम भी राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। कार्यक्रम में कोच अब्दुल जमील, अंकित ग्रोवर, अभय सिंह, सोनू अहिरवार सहित कई प्रशिक्षक और अभिभावक मौजूद रहे।


