त्रिनिदाद / सेंट विंसेंट. कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) 2026 की शुरुआत 7 अगस्त से होगी और इस बार टूर्नामेंट में पहली बार सेंट विंसेंट एंड द ग्रेनेडाइन्स के अर्नोस वेल स्टेडियम में मुकाबले खेले जाएंगे। लीग ने पुष्टि की है कि इस साल मैच रिकॉर्ड बराबर आठ देशों में आयोजित किए जाएंगे, जिनमें एंटीगुआ एंड बारबुडा, बारबाडोस, गुयाना, जमैका, सेंट किट्स एंड नेविस, सेंट लूसिया, सेंट विंसेंट एंड द ग्रेनेडाइन्स और त्रिनिदाद एंड टोबैगो शामिल हैं। सीपीएल 7 अगस्त से 20 सितंबर तक चलेगा और इस बार पहली बार जमैका किंग्समेन नाम की सातवीं फ्रेंचाइजी भी लीग में शामिल होगी।
लीग के सीईओ पीट रसेल ने कहा कि नए स्थानों पर मैच कराना उनकी योजना का अहम हिस्सा है और अर्नोस वेल एक ऐतिहासिक मैदान है जहां पहले भी अंतरराष्ट्रीय मुकाबले हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि सेंट विंसेंट के दर्शक क्रिकेट को लेकर बेहद उत्साही हैं, जिससे मैचों का माहौल और रोमांचक होगा। इस स्टेडियम में 7 से 9 अगस्त तक शुरुआती तीन मुकाबले खेले जाएंगे, जबकि प्लेऑफ और फाइनल बारबाडोस के केंसिंग्टन ओवल में 16 से 20 सितंबर के बीच होंगे।


