नई दिल्ली : भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट फील्ड पर मुकाबला हमेशा हाईवोल्टेज और रोमांचक होता है। हाल ही में अंडर-19 एशिया कप और उसके पहले सीनियर मेन्स एशिया कप में दोनों टीमों के बीच मुकाबले ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं। अब साल 2026 में भी भारत और पाकिस्तान की क्रिकेट टीमें तीन बार आमने-सामने आ सकती हैं, जिससे क्रिकेट प्रेमियों के लिए रोमांचक मुकाबलों की उम्मीद बढ़ गई है।
भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव के कारण लंबे समय से दोनों देश की क्रिकेट टीमें द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेलती हैं। मल्टी नेशन और आईसीसी टूर्नामेंट में ही अब दोनों टीमें आमने-सामने होती हैं। इस साल कुल तीन बार दोनों टीमों के बीच महामुकाबला खेला जा सकता है। जिसमें से दो मुकाबलों की तारीख और वेन्यू तय है।
तीनों मुकाबलों का खुलासा: भारत-पाकिस्तान कब और कहां खेलेंगे?
भारत और पाकिस्तान की क्रिकेट टीमें साल 2026 में कम से कम दो मुकाबलों में आमने-सामने होंगी, जो पहले से तय हैं। वहीं, अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026, जो 15 जनवरी से शुरू होगा, में भारत और पाकिस्तान अलग-अलग ग्रुप में हैं, लेकिन नॉकआउट राउंड में दोनों टीमें आमने-सामने आ सकती हैं। इसके अलावा, टी20 वर्ल्ड कप मेंस और वुमेंस में भी भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत तय है, जिससे क्रिकेट फैंस के लिए रोमांचक मुकाबलों का इंतजार रहेगा।
भारत और पाकिस्तान के बीच मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो में खेला जाएगा। यह टूर्नामेंट 7 फरवरी से 8 मार्च तक भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा। सुपर 8 में भी भारत और पाकिस्तान अलग-अलग ग्रुप में होंगे और सेमीफाइनल में मुकाबले की संभावना है।
महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान की टीमों के बीच रोमांचक भिड़ंत होने वाली है। इस टूर्नामेंट में दोनों टीमें 14 जून को बर्मिंघम में आमने-सामने होंगी। भारत और पाकिस्तान की महिला टीमें इस बार ग्रुप 1 में शामिल हैं। इसके अलावा, नॉकआउट चरण में भी दोनों टीमों का मुकाबला हो सकता है। फिलहाल, साल 2026 में क्रिकेट फील्ड पर भारत और पाकिस्तान के आमने-सामने दो मुकाबले तय हो चुके हैं, जो फैंस के लिए रोमांचक होंगे।

