नई दिल्ली: भारत में नहीं दिखेगा रोनाल्डो का जलवा दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो के भारत आने की संभावना लगभग खत्म हो गई है। रोनाल्डो को भारतीय मैदान पर खेलते देखने के लिए उनके प्रशंसक उत्साहित थे, लेकिन अब माना जा रहा है कि वे इस दौरे में टीम के साथ नहीं होंगे। सऊदी अरब के शीर्ष क्लब अल नासर की टीम सोमवार रात एएफसी चैंपियंस लीग 2 के तहत एफसी गोवा के खिलाफ मुकाबले के लिए भारत पहुंचेगी। हालांकि, खबरों के मुताबिक 22 अक्तूबर को होने वाले इस मैच के लिए क्रिस्टियानो रोनाल्डो के टीम के साथ आने की संभावना बेहद कम है।
सऊदी अरब के खेल समाचार पत्र अल रियादिया के अनुसार एफसी गोवा प्रबंधन के कई बार अनुरोध के बावजूद 40 वर्षीय रोनाल्डो अल नासर की टीम का हिस्सा नहीं होंगे। एफसी गोवा ने पूर्व एएफसी कप विजेता अल सीब को हराकर चैंपियंस लीग के दूसरे चरण में जगह बनाई थी। इसके बाद उसे टूर्नामेंट के इस चरण के लिए अल नासर के साथ ग्रुप डी में रखा गया है। रोनाल्डो पिछले कुछ समय से सऊदी अरब के इस क्लब की तरफ से खेल रहे हैं।
रोनाल्डो, जो अगले वर्ष होने वाले फीफा विश्व कप में खेलने के इच्छुक हैं, अपने कार्यभार के प्रबंधन पर विशेष ध्यान दे रहे हैं ताकि वे खुद को विश्व कप में प्रतिस्पर्धा करने का अवसर दे सकें। एफसी गोवा के खिलाफ मुकाबले के बाद, अल नासर 28 अक्तूबर को किंग्स कप के राउंड ऑफ 16 में प्रतिद्वंद्वी अल इत्तिहाद के खिलाफ मैदान में उतरेंगे।

