नई दिल्ली : अल-नस्र के कोच जॉर्ज जीसस ने बताया कि क्रिस्टियानो रोनाल्डो की हैमस्ट्रिंग की चोट जितना अनुमान लगाया जा रहा था, उससे कहीं अधिक गंभीर है। इस चोट के कारण 41 वर्षीय रोनाल्डो के लिए पुर्तगाल की ओर से आगामी मैत्री मैचों में खेलना भी संदिग्ध हो गया है। यह स्टार फुटबॉलर पिछले सप्ताहांत अल-नस्र की सऊदी प्रो लीग में अल-फायहा के खिलाफ 3-1 की जीत के दौरान लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर चले गए थे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जीसस ने शुक्रवार को कहा, “पिछले मैच में क्रिस्टियानो को मांसपेशियों में खिंचाव के कारण मैदान छोड़ना पड़ा था। अब जांच से स्पष्ट हो गया है कि हमने जितना अनुमान लगाया था, उनकी चोट उससे अधिक गंभीर है।”
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार “उन्हें आराम करने और उचित उपचार की आवश्यकता है। क्रिस्टियानो रोनाल्डो इलाज के लिए स्पेन जाएंगे और अपने निजी फिजियोथेरेपिस्ट से इलाज करवाएंगे। हमें उम्मीद है कि वह जल्द ही टीम में वापसी करेंगे।” पुर्तगाल अपनी फीफा विश्व कप की तैयारी के तहत 28 मार्च को मैक्सिको के खिलाफ मैक्सिको सिटी में और 1 अप्रैल को अमेरिका के खिलाफ अटलांटा में मैत्री मैच खेलेगा। इस सत्र में रोनाल्डो ने अल-नस्र की ओर से 22 लीग मैचों में 21 गोल किए हैं।

