CSK में बड़े बदलाव की तैयारी, धोनी बन सकते हैं मेंटर, संजू सैमसन कप्तानी की रेस में सबसे आगे

0

चेन्नई। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की सबसे सफल फ्रेंचाइजियों में शामिल चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) आगामी सीजन से पहले बड़े बदलाव की तैयारी में है। 18 वर्षों तक टीम के हेड कोच रहे स्टीफन फ्लेमिंग के पद छोड़ने के बाद अब महेंद्र सिंह धोनी को टीम का मेंटर बनाए जाने पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। हालांकि अंतिम फैसला धोनी की सहमति के बाद ही लिया जाएगा। सूत्रों के अनुसार यदि धोनी खिलाड़ी के रूप में टीम से जुड़े रहना चाहते हैं तो फ्रेंचाइजी उनके फैसले का सम्मान करेगी। पिछले सीजन घुटने की चोट के कारण वह एक भी मुकाबला नहीं खेल सके थे। दूसरी ओर टीम नए कप्तान की भी तलाश में है और राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रह चुके संजू सैमसन इस जिम्मेदारी के सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। पिछले सीजन ऋतुराज गायकवाड़ ने टीम की कप्तानी संभाली थी।

धोनी IPL इतिहास के सबसे सफल कप्तानों में शामिल हैं। उन्होंने सबसे अधिक 226 मैचों में कप्तानी करते हुए 133 मुकाबलों में जीत दिलाई है। वह IPL में 100 मैच जीतने वाले इकलौते कप्तान भी हैं। बल्लेबाजी के साथ-साथ विकेटकीपिंग में भी उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने अब तक 278 IPL मैचों में 5,439 रन बनाए हैं, 24 अर्धशतक लगाए हैं और विकेट के पीछे 47 स्टंपिंग तथा 158 कैच किए हैं। उनकी कप्तानी में CSK ने पांच बार IPL खिताब अपने नाम किया। टीम के हालिया प्रदर्शन को देखते हुए प्रबंधन बदलाव के मूड में है। 2023 में खिताब जीतने के बाद CSK का प्रदर्शन लगातार गिरा। 2024 में टीम पांचवें स्थान पर रही, 2025 में अंतिम स्थान पर पहुंच गई, जबकि 2026 सीजन में आठवें स्थान पर रहकर प्लेऑफ में भी जगह नहीं बना सकी।

सोमवार को फ्रेंचाइजी ने सोशल मीडिया के जरिए स्टीफन फ्लेमिंग के साथ अलग होने की आधिकारिक पुष्टि की। फ्लेमिंग 2009 से टीम के हेड कोच थे और उनके कार्यकाल में चेन्नई ने पांच IPL ट्रॉफियां जीतीं। फ्रेंचाइजी के अनुसार यह फैसला आपसी सहमति से लिया गया है। सूत्रों के मुताबिक, टीम प्रबंधन अगले तीन से चार महीनों में घरेलू क्रिकेट पर भी नजर रखेगा और खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर नए कप्तान, हेड कोच और अन्य महत्वपूर्ण फैसले लिए जाएंगे। दिल्ली कैपिटल्स के मौजूदा कोच हेमंग बदानी का नाम भी नए हेड कोच की दौड़ में शामिल बताया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here