CT 2025: चैपियंस ट्रॉफी के लिए ऑस्ट्रेलिया टीम का हुआ ऐलान, जैक फ्रेजर-मैकगर्क को टीम में नहीं मिली जगह

0

नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए अपनी 15 सदस्यीय प्रोविजनल टीम की घोषणा कर दी है। टीम की कप्तानी पैट कमिंस के हाथों में है और उनके अलावा टीम में ग्लेन मैक्सवेल, स्टीव स्मिथ, मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड, मार्कस स्टोइनिस जैसे खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। पैट कमिंस को भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दौरान घुटने की परेशानी थी, लेकिन माना जा रहा है कि इस टूर्नामेंट तक वो पूरी तरह से ठीक हो जाएंगे। हालांकि कमिंस की फिटनेस को लेकर कोई आधिकारिक अपडेट नहीं दिया गया है।

इस टूर्नामेंट के लिए टीम के युवा ओपनर जैक फ्रेजर-मैकगर्क को 15 सदस्यीय टीम में जगह नहीं दी गई। जैक ने साल 2024 में वनडे में डेब्यू किया था, लेकिन वो अब तक अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। जैक ने अब तक 5 मैचों में 17.40 की औसत से 87 रन बनाए हैं और उनके खराब प्रदर्शन की वजह से ही चयनकर्ताओं ने उन्हें टीम से बाहर कर दिया। मैट शॉर्ट और आरोन हार्डी को पहली बार इस आईसीसी इवेंट के लिए टीम में शामिल किया गया है। नाथन एलिस को भी वनडे टीम में शामिल किया गया है। 2023 में वनडे विश्व कप जीतने वाली टीम में सिर्फ तीन ही बदलाव किए गए हैं।

टीमके चयन पर मुख्य चयनकर्ता जॉर्ज बेली ने कहा कि यह एक संतुलित और अनुभवी टीम है, जिसके मुख्य खिलाड़ी पिछले वनडे विश्व कप, वेस्टइंडीज सीरीज और पिछले वर्ष इंग्लैंड के सफल दौरे और हाल ही में पाकिस्तान की घरेलू सीरीज में शामिल रहे हैं। कमिंस की कप्तानी में इस टीम ने साल 2023 में वनडे वर्ल्ड कप खिताब जीता था और हमें एक बार फिर से अपनी टीम से अच्छे रिजल्ट की उम्मीद है। आपको बता दें कि इस टूर्नामेंट में कंगारू टीम का पहला मुकाबला साउथ अफ्रीका से होगा जो 25 फरवरी को रावलपिंडी में खेला जाएगा।

चैंपियंस ट्रॉफी के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम

पैट कमिंस (कप्तान), एलेक्स कैरी, नाथन एलिस, आरोन हार्डी, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, जोश इंगलिस, मार्नस लाबुशेन, मिशेल मार्श, ग्लेन मैक्सवेल, मैट शॉर्ट, स्टीव स्मिथ, मिशेल स्टार्क, मार्कस स्टोइनिस, एडम जंपा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here