नई दिल्ली : एशियन गेम्स 2026 में क्रिकेट की धमाकेदार वापसी होने जा रही है। जापान में आयोजित होने वाले इन खेलों में क्रिकेट चौथी बार एशियन गेम्स का हिस्सा बनेगा। पुरुष और महिला दोनों वर्गों के मुकाबले टी20 फॉर्मेट में खेले जाएंगे। महिला क्रिकेट टूर्नामेंट 17 से 22 सितंबर तक, जबकि पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता 24 सितंबर से 3 अक्टूबर तक आयोजित होगी। ऐसे में क्रिकेट प्रेमियों की नजर भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले पर भी रहेगी। आइए जानते हैं कि एशियन गेम्स 2026 में भारत और पाकिस्तान की टीमें कब आमने-सामने हो सकती हैं।
पुरुष वर्ग में 10 टीमों की चुनौती, खिताब जीतने के लिए होगी जंग
पुरुष वर्ग में कुल 10 टीमें अपना दम दिखाएंगी. इनमें भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश, अफगानिस्तान, जापान, नेपाल, हांगकांग चीन, मलेशिया और ओमान शामिल हैं. भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश को सीधे क्वार्टर-फाइनल में जगह दी गई है. अफगानिस्तान, जापान और नेपाल ग्रुप A में हैं, जबकि हांगकांग चीन, मलेशिया और ओमान ग्रुप B में हैं. हर ग्रुप की टॉप दो टीमें क्वार्टर-फाइनल के लिए क्वालिफाई करेंगी. दोनों ग्रुप से टॉप दो टीमें क्वार्टर फाइनल में पहुंचेंगी.
महिला वर्ग में 8 टीमें कौन-कौन सी?
महिला क्रिकेट में कुल 8 टीमें हिस्सा लेंगी और सभी टीमें सीधे क्वार्टर फाइनल से अपना अभियान शुरू करेंगी.
- भारत
- पाकिस्तान
- श्रीलंका
- बांग्लादेश
- जापान
- चीन
- मलेशिया
- थाईलैंड
महिला क्रिकेट, एशियन गेम्स 2026 शेड्यूल
17 सितंबर: भारत vs जापान (क्वार्टर फाइनल)
17 सितंबर: बांग्लादेश vs चीन (क्वार्टर फाइनल)
18 सितंबर: श्रीलंका vs मलेशिया (क्वार्टर फाइनल)
18 सितंबर: पाकिस्तान vs थाईलैंड (क्वार्टर फाइनल)
20 सितंबर: सेमीफाइनल 1
20 सितंबर: सेमीफाइनल 2
22 सितंबर: कांस्य पदक (ब्रॉन्ज मेडल) मैच
22 सितंबर: स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) मैच
क्वार्टर फाइनल में जापान से भिड़ेगा भारत, सेमीफाइनल पर नजर
भारत क्वार्टर फाइनल मुकाबले में जापान का सामना करेगा। इस मैच में जीत दर्ज करने वाली टीम सेमीफाइनल में बांग्लादेश और चीन के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल की विजेता टीम से भिड़ेगी। दूसरी ओर, पाकिस्तान की टीम क्वार्टर फाइनल में थाईलैंड के खिलाफ उतरेगी। पाकिस्तान अगर यह मुकाबला जीतने में सफल रहता है तो सेमीफाइनल में उसका सामना श्रीलंका या मलेशिया में से किसी एक टीम से हो सकता है।
पुरुष क्रिकेट, एशियन गेम्स 2026 शेड्यूल
24-26 सितंबर: ग्रुप A और ग्रुप B के मैच (प्रारंभिक दौर)
28 सितंबर: भारत vs ग्रुप B रनर-अप (क्वार्टर फाइनल)
28 सितंबर: पाकिस्तान vs ग्रुप A रनर-अप (क्वार्टर फाइनल)
29 सितंबर: श्रीलंका vs ग्रुप B विजेता (क्वार्टर फाइनल)
29 सितंबर: बांग्लादेश vs ग्रुप A विजेता (क्वार्टर फाइनल)
1 अक्टूबर: सेमीफाइनल 1
1 अक्टूबर: सेमीफाइनल 2
3 अक्टूबर: कांस्य पदक (ब्रॉन्ज मेडल) मैच
3 अक्टूबर: स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) मैच
भारत-पाकिस्तान की टक्कर कब? जानें एशियन गेम्स में महामुकाबले की तारीख
दरअसल, पुरुष वर्ग में भारत को सीधे क्वार्टर फाइनल में जगह मिली है। भारतीय टीम का सामना ग्रुप बी में दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम से होगा, जबकि पाकिस्तान की टीम ग्रुप ए में दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम के खिलाफ क्वार्टर फाइनल खेलेगी। ड्रॉ के मुताबिक भारत और पाकिस्तान की टीमें क्वार्टर फाइनल में आमने-सामने नहीं आ सकतीं। दोनों के बीच मुकाबला तभी संभव होगा, जब वे गोल्ड मेडल या ब्रॉन्ज मेडल के मैच तक पहुंचें। दोनों टीमों की संभावित भिड़ंत वाला पदक मुकाबला 3 अक्टूबर को खेला जाएगा।
एशियन गेम्स 2026 में क्रिकेट मुकाबले यहां खेले जाएंगे
एशियन गेम्स 2026 में क्रिकेट के सभी मुकाबले जापान के आइची प्रांत स्थित कोरोगी एथलेटिक पार्क में खेले जाएंगे। पुरुष और महिला दोनों वर्गों की प्रतियोगिताएं टी20 फॉर्मेट में आयोजित होंगी। भारत एशियन गेम्स में पुरुष और महिला दोनों वर्गों का मौजूदा चैंपियन है। भारतीय टीम ने 2023 में हांगझोउ एशियन गेम्स में पुरुष और महिला क्रिकेट, दोनों में स्वर्ण पदक जीता था। ऐसे में 2026 में भी भारतीय टीम के सामने अपने खिताब का बचाव करने की चुनौती होगी।


