नई दिल्ली : भारतीय टीम दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए श्रीलंका दौरे पर है और विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के लिहाज से यह श्रृंखला बेहद अहम मानी जा रही है। श्रीलंका की पारंपरिक स्पिन-अनुकूल पिचों पर भारतीय बल्लेबाजों की कड़ी परीक्षा होने वाली है, खासकर ऐसे समय में जब टीम के कई बल्लेबाज हाल के महीनों में स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ संघर्ष करते नजर आए हैं। इसी बीच भारत के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज दीप दासगुप्ता ने उस बल्लेबाज का नाम बताया है, जो उनके अनुसार इस टेस्ट सीरीज में टीम इंडिया के लिए सबसे अहम भूमिका निभा सकता है।
दीप दासगुप्ता ने इस सीरीज के लिए कप्तान शुभमन गिल या केएल राहुल नहीं, बल्कि ऋषभ पंत को भारत का सबसे अहम बल्लेबाज बताया। उन्होंने पंत को टीम इंडिया का वास्तविक मैच विनर करार देते हुए कहा कि उनकी मौजूदगी भारत के लिए निर्णायक साबित हो सकती है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अपने यूट्यूब चैनल पर दासगुप्ता ने कहा, “ऋषभ इस सीरीज में भारत के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। वह क्रिकेट को लेकर इतने जुनूनी हैं कि 24 घंटे सिर्फ इसी विषय पर बात कर सकते हैं। जब भी मेरी उनसे बातचीत हुई है, उन्होंने हमेशा क्रिकेट की ही चर्चा की है। बाहर से भले ही उनका व्यक्तित्व अलग दिखाई देता हो, लेकिन वह पूरी तरह क्रिकेट से जुड़े इंसान हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि पंत भारतीय टीम के सबसे बड़े मैच विनरों में से एक हैं और श्रीलंका जैसी स्पिन-अनुकूल परिस्थितियों में भारतीय बल्लेबाजों को जरूरत से ज्यादा रक्षात्मक होने के बजाय विरोधी गेंदबाजों का डटकर सामना करना होगा। दासगुप्ता के मुताबिक, यही आक्रामक सोच भारत को सीरीज में बढ़त दिला सकती है।
श्रीलंका की स्पिन चुनौती से निपटने में पंत निभाएंगे अहम भूमिका
पंत टेस्ट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले एक्टिव खिलाड़ी हैं। उन्होंने 50 मैचों में 97 छक्के लगाए हैं। दिल्ली के विकेटकीपर ने 43.37 के औसत से 3557 रन बनाए हैं। इसमें आठ शतक और 19 अर्द्धशतक शामिल हैं। दासगुप्ता ने कहा कि श्रीलंका का स्पिन अटैक में दो बाएं हाथ के स्पिनर हैं। सीरीज के दौरान बाएं हाथ के पंत के पक्ष में यह बात है।
भारत की जीत की सबसे बड़ी उम्मीद ऋषभ पंत
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार दीप दासगुप्ता का मानना है कि श्रीलंका के बाएं हाथ के स्पिनरों के खिलाफ ऋषभ पंत की भूमिका भारतीय टीम के लिए बेहद अहम रहने वाली है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा, “दुनिथ वेलालगे और प्रवीण जयसूर्या दोनों लेफ्ट आर्म स्पिनर हैं, ऐसे में पंत भारत के लिए बल्लेबाज के तौर पर और भी महत्वपूर्ण हो जाते हैं। ऋषभ जब बल्लेबाजी के लिए क्रीज पर आते हैं तो विरोधी गेंदबाजों पर स्वाभाविक दबाव बना देते हैं। खासकर लेफ्ट आर्म स्पिनरों के खिलाफ उनका आक्रामक अंदाज टीम को बढ़त दिला सकता है। इस सीरीज में पंत का होना भारत के लिए बहुत जरूरी होगा।”


