नई दिल्ली : अर्जेंटीना दौरे के लिए भारतीय महिला हॉकी टीम की 24 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया गया है। सलीमा टेटे की कप्तानी में टीम इंडिया 13 से 17 अप्रैल के बीच ब्यूनस आयर्स में अर्जेंटीना के खिलाफ चार मैचों की सीरीज खेलेगी। यह दौरा भारतीय टीम के लिए सिर्फ एक सीरीज नहीं, बल्कि 2026 के हॉकी वर्ल्ड कप और एशियन गेम्स से पहले अपनी तैयारियों को परखने और टीम संयोजन को मजबूत करने का बड़ा मौका माना जा रहा है।
इस अहम दौरे से पहले टीम को बड़ा बूस्ट मिला है, क्योंकि फॉरवर्ड दीपिका की वापसी से अटैक को नई धार मिलेगी। वहीं अनुभवी गोलकीपर सविता पूनिया एक बार फिर गोलपोस्ट की जिम्मेदारी संभालने के लिए तैयार हैं। बेल्जियम और नीदरलैंड्स में होने वाले हॉकी विश्व कप और एशियाई खेलों को देखते हुए यह दौरा टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।
मुमताज खान की भी टीम में वापसी, अटैक हुआ और मजबूत
हॉकी इंडिया ने अर्जेंटीना दौरे के लिए जो 24 सदस्यीय टीम चुनी है वह अनुभवी खिलाड़ियों और उभरती हुई नई प्रतिभाओं का मेल है। भारतीय मिडफील्ड को स्थिरता, सूझबूझ और नई ऊर्जा प्रदान करने वालीं सलीमा टेटे कप्तानी जारी रखेंगी। डिफेंडर ज्योति और फॉरवर्ड मुमताज खान की भी वापसी हुई है। इससे टीम का डिफेंस और अटैक दोनों मजबूत हुआ है।
टीम में शायद जिसका सबसे ज्यादा इंतजार था वह फॉरवर्ड दीपिका कुमारी हैं। दीपिका ने चोट से उबरने के बाद वापसी की है। दीपिका भारत की मुख्य ड्रैग-फ्लिकर की भूमिका फिर से संभालेंगी। दीपिका की गैरमौजदूगी में नवनीत कौर, मनीषा चौहान, उदिता और अन्नू जैसी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
भारतीय टीम अब और भी ज्यादा संतुलित और मजबूत नजर आ रही है
खासतौर पर अन्नू ने क्वालिफायर मैचों के दौरान अपने दमदार ड्रैग-फ्लिक से सभी को प्रभावित किया। दीपिका की वापसी से टीम को गहराई और अनुभव मिला है, जिससे अब यह टीम और भी ज्यादा संतुलित और विपक्षी टीमों के लिए खतरनाक नजर आ रही है।
वहीं भारतीय हॉकी की अनुभवी और सम्मानित गोलकीपर सविता पूनिया की भी टीम में वापसी हुई है, जो क्वालिफायर में उपलब्ध नहीं थीं। उनकी गैरमौजूदगी में बिचू देवी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए साबित किया कि वह इस स्तर पर खेलने की पूरी क्षमता रखती हैं। युवा गोलकीपर ने अपनी उम्र से कहीं ज्यादा परिपक्वता, फुर्ती और धैर्य दिखाया। अब सविता और बिचू देवी दोनों के टीम में होने से गोलकीपिंग विभाग में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा बनेगी, जो कोचिंग स्टाफ को मजबूत बेंच स्ट्रेंथ देने में मदद करेगी।
13 से 17 अप्रैल तक 4 मैच खेलेगी भारतीय टीम
भारतीय महिला हॉकी टीम 13, 14, 16 और 17 अप्रैल 2026 को अर्जेंटीना के खिलाफ मैच खेलेगी। सभी मैच स्थानीय समयानुसार सुबह 11:00 बजे (भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे) से खेले जाएंगे।
अर्जेंटीना दौरे के लिए 24 सदस्यीय भारतीय महिला हॉकी टीम
गोलकीपर: सविता, बिच्छू देवी खारिबाम।
डिफेंडर: निक्की प्रधान, इशिका चौधरी, सुशीला चानू पुखरामबम, मनीषा चौहान, ललथंतलुआंगी, ज्योति, उदिता।
मिडफील्डर: वैष्णवी विठ्ठल फाल्के, साक्षी राणा, सुनेलिता टोप्पो, सलीमा टेटे (कप्तान), नेहा, दीपिका सोरेंग, ऋतुजा दादासो पिसल, इशिका।
फारवर्ड: बलजीत कौर, नवनीत कौर, दीपिका, अन्नू, ब्यूटी डुंगडुंग, लालरेम्सियामी, मुमताज खान।


