नई दिल्ली। भारतीय महिला क्रिकेट प्रशंसकों के लिए अच्छी खबर है। WPL 2026 की मेगा नीलामी से पहले BCCI ने आठ खिलाड़ियों की मार्की सूची जारी की है। इस सूची में भारत की दो प्रमुख खिलाड़ी—ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा और तेज गेंदबाज रेणुका सिंह ठाकुर—शामिल हैं। इनके साथ ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की स्टार खिलाड़ी सोफी एकलस्टन, सोफी डिवाइन, लॉरा वुलफार्ट, अलीसा हीली, मेग लानिंग और अमेलिया कर भी इस खास सेट में होंगी। इस बार नीलामी के लिए कुल 277 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है, जिनमें 82 विदेशी खिलाड़ी हैं। टीमों में 73 जगह खाली हैं। नीलामी 27 नवंबर को दिल्ली में होगी। मार्की सेट में शामिल खिलाड़ियों में रेणुका (40 लाख) और वुलफार्ट (50 लाख) ही दो खिलाड़ी हैं जिन्होंने अधिकतम 50 लाख से कम बेस प्राइस चुनी है। यूपी वॉरियर्स की ओर से खेल चुकीं दीप्ति, एकलस्टन और हीली भी मार्की समूह में शामिल हैं। UPW के पास चार राइट-टू-मैच (RTM) कार्ड उपलब्ध होंगे। टीम ने सिर्फ एक अनकैप्ड खिलाड़ी श्वेता सहरावत को रिटेन किया है।
कैप्ड ऑलराउंडर श्रेणी में हरलीन देओल, राधा यादव, स्नेह राणा, ग्रेस हैरिस, शिनेल हेनरी और एन श्री चरणी का भी नाम शामिल है। इनमें हरलीन ने 50 लाख और बाकी ने 30 लाख बेस प्राइस रखी है। इंग्लैंड की 22, न्यूजीलैंड की 13, दक्षिण अफ्रीका की 11 और श्रीलंका की 3 खिलाड़ी नीलामी पूल में होंगी। इस बार ऑस्ट्रेलिया की तालिया मैक्ग्रा और RCB की सोफी मोलिन्यू नीलामी में नहीं शामिल होंगी। पर्स के मामले में UPW सबसे मजबूत है, उसके पास 14.50 करोड़ का बजट होगा। गुजरात जायंट्स के पास 9 करोड़, RCB के पास 6.15 करोड़, मुंबई इंडियंस के पास 5.75 करोड़ और दिल्ली कैपिटल्स के पास 5.70 करोड़ उपलब्ध होंगे। MI और DC के पास RTM विकल्प नहीं होगा क्योंकि उन्होंने पांच-पांच खिलाड़ियों को रिटेन किया है।


