जोहान्सबर्ग. 2025 में ‘विजडन लीडिंग फीमेल क्रिकेटर’ चुनी गईं भारत की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा के लिए साल 2026 अब तक किसी बुरे सपने जैसा रहा है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जारी टी20 सीरीज के शुरुआती मैचों में उनके निराशाजनक प्रदर्शन ने आगामी टी20 वर्ल्ड कप से पहले भारतीय खेमे में चिंता की लहर पैदा कर दी है।
आंकड़ों में गिरावट
पिछले साल वनडे वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली दीप्ति ने इस साल खेले 5 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में केवल 1 विकेट हासिल किया है। बल्लेबाजी में भी उनका बल्ला खामोश है, जहां 4 पारियों में उन्होंने केवल 3 रन बनाए हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मौजूदा सीरीज के पहले मैच में वे काफी महंगी साबित हुईं और दूसरे मैच में भी उन्हें कोई विकेट नहीं मिला।
कोच ने किया बचाव
भारतीय गेंदबाजी कोच आविष्कार साल्वी ने जोहान्सबर्ग में मीडिया से बात करते हुए दीप्ति का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि दीप्ति एक चैंपियन खिलाड़ी हैं और दो-तीन मैचों का प्रदर्शन उनके टैलेंट को कम नहीं कर सकता। वह फिलहाल अपने सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में नहीं हैं, लेकिन वह नेट्स पर कड़ी मेहनत कर रही हैं। यह केवल कुछ पलों की बात है, वह जल्द ही दमदार वापसी करेंगी। भारतीय टीम केवल दीप्ति की फॉर्म से ही नहीं, बल्कि विकेट न ले पाने की समस्या से भी जूझ रही है। दक्षिण अफ्रीका ने शुरुआती दो मैचों में भारत के 17 विकेट चटकाए, जबकि भारतीय गेंदबाज केवल 6 विकेट ही ले सके। कोच साल्वी ने बताया कि टीम वर्ल्ड कप से पहले अलग-अलग संयोजनों (Combinations) को आजमा रही है और ‘ऑप्शन बैंक’ तैयार कर रही है, ताकि बड़े टूर्नामेंट में केवल कुछ ही गेंदबाजों पर निर्भर न रहना पड़े।
सीरीज बचाने की चुनौती
दक्षिण अफ्रीका फिलहाल 5 मैचों की इस सीरीज में 2-0 से आगे है। भारत को सीरीज में बने रहने के लिए बुधवार को होने वाला तीसरा मैच हर हाल में जीतना होगा। जोहान्सबर्ग की उछाल भरी पिच पर भारतीय तेज गेंदबाजों, विशेषकर युवा प्रतिभा काशवी गौतम पर सभी की नजरें टिकी होंगी।


