डिफेंडिंग चैंपियन RCB की दमदार शुरुआत, SRH को 6 विकेट से हराया

0

नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का आगाज धमाकेदार अंदाज में हुआ, जहां डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने अपने पहले ही मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद पर पूरी तरह से दबदबा बनाया। बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में आरसीबी ने 202 रनों के बड़े लक्ष्य को बेहद आसान बना दिया और महज 15.4 ओवर्स में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। कप्तान रजत पाटीदार का टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला पूरी तरह सही साबित हुआ, जिसके बाद टीम ने हर विभाग में शानदार प्रदर्शन करते हुए सीजन की शुरुआत जीत के साथ की।

सनराइजर्स हैदराबाद ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए शानदार प्रदर्शन किया और 20 ओवर्स में 9 विकेट के नुकसान पर 201 रनों के स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रहे। हैदराबाद की शुरुआत इस मैच में अच्छी नहीं नहीं रही थी, जिसमें उन्होंने 29 के स्कोर तक अपने तीन विकेट गंवा दिए थे। यहां से कप्तान ईशान किशन ने एक छोर से पारी को संभालने के साथ 80 रनों की शानदार पारी खेली, तो वहीं इसके अलावा अनिकेत वर्मा के बल्ले से 43 और हेनरिक क्लासेन ने 31 रनों की शानदार पारी खेली। आरसीबी की तरफ से इस मैच में गेंदबाजी प्रदर्शन को लेकर बात की जाए तो उसमें जैकब डफी और रोमारियो शेफर्ड ने अहम भूमिका निभाई जिसमें दोनों ने 3-3 विकेट अपने नाम किए। इसके अलावा भुवनेश्वर कुमार, अभिनंदन सिंह और सुयश शर्मा 1-1 विकेट अपने नाम करने में कामयाब रहे।

आरसीबी की टीम जब टारगेट का पीछा करने उतरी तो उनकी शुरुआत अच्छी नहीं रही जिसमें फिल साल्ट सिर्फ 8 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल ने दूसरे विकेट के लिए सिर्फ 45 गेंदों में 101 रनों की साझेदारी करने के साथ इस मुकाबले को पूरी तरह से एकतरफा कर दिया। देवदत्त पडिक्कल इस मैच में 26 गेंदों में 61 रनों की पारी खेलने के बाद पवेलियन लौट गए। विराट कोहली ने पडिक्कल के आउट होने के बाद रनों की गति को धीमे नहीं पड़ने दिया और लगातार हैदराबाद के गेंदबाजों पर दबाव बनाकर रखा। आरसीबी ने जहां इस मैच को सिर्फ 15.4 ओवर्स में अपने नाम किया तो वहीं विराट कोहली अंत तक नाबाद रहते हुए 38 गेंदों में 69 रनों की पारी खेलने में कामयाब रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here