नई दिल्ली : भारत के विकेटकीपर-बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने साउथ अफ्रीका ए के खिलाफ दूसरे अनाधिकारिक टेस्ट में इंडिया ए की दूसरी पारी में भी शतक लगाया। यह शतक ऐसे समय में आया जब केएल राहुल, अभिमन्यु ईश्वरन और साई सुदर्शन जैसी प्रमुख बल्लेबाजों का बल्ला दोनों पारियों में नहीं चला। इस प्रदर्शन के साथ जुरेल ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में ऋषभ पंत की वापसी के बाद भी बतौर बल्लेबाज अपनी जगह बनाने का मजबूत दावा पेश किया है।
ध्रुव जुरेल ने बीते कुछ समय में शानदार बल्लेबाजी की है। उन्होंने पिछली आठ पारियों (इंटरनेशनल और प्रथम श्रेणी मैचों को मिलकार) में 4 शतक और 1 अर्धशतक लगाए हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ इंडिया ए के लिए लखनऊ में पहले अनाधिकारिक टेस्ट में 140 रन की पारी खेली थी। दूसरे मैच की दूसरी पारी में उन्होंने अर्धशतक जड़ा। पहली पारी में 1 रन बनाकर आउट हुए।
ध्रुव जुरेल को प्लेइंग 11 से बाहर करना होगा चुनौतीपूर्ण
इसके बाद ध्रुव जुरेल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट में 125 रन की पारी खेली। दूसरे टेस्ट में उन्होंने 44 रन बनाए और दूसरी पारी में 6 रन बनाकर नाबाद रहे। इसके बाद उन्हें साउथ अफ्रीका ए के खिलाफ दूसरे अनाधिकारिक टेस्ट की दोनों पारियों में शतक जड़ा। पहली पारी में उन्होंने नाबाद 132 रन बनाए और नीचे के बल्लेबाजों के साथ मिलकर रन बनाए और इंडिया ए को 255 रन तक पहुंचाया। अब जुरेल को इस दमदार प्रदर्शन के बाद प्लेइंग 11 से बाहर रखना आसान नहीं है।
ऋषभ पंत की टीम में वापसी पक्की
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज 14 नवंबर से शुरू होगी। इस सीरीज में ऋषभ पंत की टीम में वापसी सुनिश्चित है। ऐसे में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज में विकेटकीपर के रूप में खेले ध्रुव जुरेल को नितीश कुमार रेड्डी की जगह प्लेइंग 11 में मौका मिल सकता है। जुरेल इस बार बतौर बल्लेबाज मैदान में दिखाई दे सकते हैं।

