(NST News) भोपाल. राजधानी के जिया स्पोर्ट्स क्लब में आयोजित 63वें इंटर डिस्ट्रिक्ट और 78वें एमपी स्टेट सीनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप-2025 में धार जिला ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए खिताब पर कब्जा जमाया। गत विजेता धार ने फाइनल में इंदौर को 3-1 से हराकर लगातार अपना वर्चस्व बनाए रखा। फाइनल की शुरुआत इंदौर के अनिकेत परदेसी ने धमाकेदार जीत के साथ की। उन्होंने धार के आदित्य चौहान को सीधे गेम में 21-17, 21-14 से हराकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद धार की ऐश्वर्या मेहता ने शानदार वापसी की और इंदौर की ओजस्वी भोमिया को कड़े संघर्ष में 21-18, 18-21, 21-12 से मात देकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।
तीसरी टाई में धार के यश रैकवार और पीयूष की जोड़ी ने इंदौर के भव्य पुरोहित और युवराज तिवारी को 21-5, 21-16 से हराते हुए धार को 2-1 की बढ़त दिला दी। निर्णायक मुकाबले में धार के अमित राठौर ने इंदौर के वत्सल को 21-16, 18-12 (रिटायर्ड) से पराजित कर टीम को 3-1 से जीत दिलाई। इस जीत के साथ धार जिला ने पिछले दो दशकों से जारी अपना दबदबा एक बार फिर साबित किया। विजेता और उपविजेता टीमों को गोविंदपुरा इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के सदस्य और नेशनल बैडमिंटन खिलाड़ी हबीब हुसैन ने पुरस्कृत किया।
क्वालीफाइंग राउंड में भी खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। पुरुष एकल में आर्यन गुप्ता, मंत्र सोनेजा, ध्रुव कुमार नागु, युवराज तिवारी, कबीर वर्मा और रूद्र प्रताप ठाकुर ने अपने-अपने मुकाबले जीते। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों की तकनीक, फिटनेस और तालमेल ने दर्शकों का मन मोह लिया।यह चैंपियनशिप न केवल खिलाड़ियों के कौशल का प्रदर्शन रही, बल्कि खेल भावना और टीम वर्क का बेहतरीन उदाहरण भी बनी।

