ध्रुव जुरेल बने टीम इंडिया की उम्मीद का नया चेहरा, प्लेइंग 11 में शामिल करने की उठी मांग

0

नई दिल्ली: भारतीय टीम 14 नवंबर से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज़ की शुरुआत करने जा रही है। पहला टेस्ट मुकाबला कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डेंस मैदान पर खेला जाएगा। सोमवार को क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (CAB) के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने इस मैच की पिच को लेकर अहम जानकारी साझा की थी। अब एक और पूर्व कप्तान ने ध्रुव जुरेल को लेकर बड़ा बयान दिया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जुरेल को लेकर दी गई यह सलाह टीम इंडिया की सबसे बड़ी कमजोरी को दूर करने में मददगार साबित हो सकती है।

दरअसल, ध्रुव जुरेल हाल के मैचों में लगातार शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। उन्होंने साउथ अफ्रीका ए के खिलाफ दूसरे अनऑफिशियल टेस्ट की दोनों पारियों में शतक जड़ा था। इससे पहले वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भी उन्होंने शानदार शतक लगाकर सबका ध्यान खींचा था। उनके इस निरंतर प्रदर्शन को देखते हुए अब साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाले टेस्ट मुकाबलों में उन्हें बतौर बल्लेबाज़ प्लेइंग 11 में शामिल करने की मांग तेज़ हो गई है। इसी बीच सौरव गांगुली ने भी जुरेल को मौका देने का समर्थन किया है।

क्या सौरव गांगुली की सलाह बदल देगी टीम इंडिया का खेल?

दरअसल भारतीय टीम चेतेश्वर पुजारा के बाद से नंबर 3 के बल्लेबाज की तलाश में जुटी है। कुछ हद तक साई सुदर्शन सेटल नजर आए हैं, मगर उनका प्रदर्शन भी बहुत खास नहीं रहा है। ऐसे में सौरव गांगुली ने टीम इंडिया को कोलकाता टेस्ट से पहले ध्रुव जुरेल को नंबर 3 के बल्लेबाज के तौर पर आजमाने की सलाह दी है। जुरेल से पहले इस पोजीशन पर कप्तान गिल, करुण नायर, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल समेत कई खिलाड़ी खेल चुके हैं। मगर किसी ने भी टीम इंडिया को चेतेश्वर पुजारा की कमी पूरी करके नहीं दिखाया।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सौरव गांगुली ने कहा,”ध्रुव जुरेल को साउथ अफ्रीका के खिलाफ ईडेन गार्डेन्स में होने वाले पहले टेस्ट में बतौर बल्लेबाज जरूर खिलाना चाहिए। वह काफी अच्छा खेल रहे हैं, आपको ऐसा नहीं लगता? ऋषभ (पंत) वापस आ चुके हैं और मुझे नहीं पता सेलेक्टर्स क्या सोच रहे हैं। सभी खलाड़ियों ने अच्छा खेला है और मुझे नहीं पता कितना आसान होगा ध्रुव जुरेल के लिए जगह बनाना। लेकिन यह इस पर भी निर्भर करेगा कि नंबर 3 पर आप साई सुदर्शन के साथ ही जाएंगे या इन फॉर्म ध्रुव को मौका दिया जाएगा।”

अब यह देखना दिलचस्प होगा कि गौतम गंभीर और शुभमन गिल की जोड़ी सौरव गांगुली की इस सलाह पर कितना अमल करती है। अगर उनकी यह रणनीति सफल रही, तो यह टीम इंडिया के लिए गेमचेंजर साबित हो सकती है। भारत को इस सीरीज़ में दो टेस्ट मैच खेलने हैं — पहला मुकाबला 14 से 18 नवंबर तक कोलकाता के ईडन गार्डेंस में होगा, जबकि दूसरा टेस्ट 22 से 26 नवंबर तक गुवाहाटी में खेला जाएगा।

साउथ अफ्रीका सीरीज के लिए भारतीय टेस्ट स्क्वाड

शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर/उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल, ध्रुव जुरेल, रविंद्र जडेजा, वाशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, नितीश कुमार रेड्डी, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव, आकाश दीप।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here