नई दिल्ली: साउथ अफ्रीका की पूर्व कप्तान डेन वैन नीकेर्क को संन्यास से यू-टर्न लेने के बाद बड़ा झटका लगा है। वह भारत और श्रीलंका में होने वाले महिला वनडे वर्ल्ड कप में नजर नहीं आएंगी। हालांकि वैन नीकेर्क टूर्नामेंट से पहले होने वाले ट्रेनिंग कैंप का हिस्सा हैं, लेकिन उनका चयन वर्ल्ड कप टीम में नहीं किया जाएगा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस पर कोच मंडला माशिंबी ने कहा कि यदि वैन नीकेर्क सभी मानकों पर खरा उतरती हैं, तो उन्हें भविष्य की सीरीज में शामिल किया जा सकता है।
डेन वैन नीकेर्क अब घरेलू क्रिकेट में वापसी कर चुकी हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का यू-टर्न लेने के बाद वह साउथ अफ्रीका की विश्व कप टीम के चयन से पहले डरबन में आयोजित एक हफ्ते के ट्रेनिंग कैंप के लिए 20 खिलाड़ियों के स्क्वॉड में शामिल की गईं। हालांकि, अगले हफ्ते घोषित होने वाली अंतिम 15 सदस्यीय टीम में उनका नाम शामिल नहीं होगा। इस पर कोच मंडला माशिंबी ने स्पष्ट किया, “वह केवल उन व्यापक खिलाड़ियों के समूह का हिस्सा हैं जिन्हें हम अपने साथ जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। वह निश्चित रूप से इस विश्व कप का हिस्सा नहीं हैं। वह नहीं जा रही हैं।”
2023 में मैदान से दूर रहीं वैन नीकेर्क
32 वर्षीय डेन वैन नीकेर्क टखने की चोट के कारण 2022 वनडे वर्ल्ड कप में नहीं खेल पाई थीं और अब वह इस विश्व कप से भी बाहर हो गई हैं। इससे पहले वह तीन संस्करणों में हिस्सा ले चुकी हैं और 2017 में साउथ अफ्रीका की कप्तानी करते हुए टीम को सेमीफाइनल तक पहुंचाया था, जहां इंग्लैंड ने उन्हें हराया था। वैन नीकेर्क सात टी20 विश्व कप भी खेल चुकी हैं, लेकिन 2023 में घरेलू सरज़मीं पर खेले गए टूर्नामेंट में वह क्रिकेट साउथ अफ्रीका (CSA) की फिटनेस आवश्यकताओं को पूरा न कर पाने के कारण शामिल नहीं हो सकीं। इसके बाद ही उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी थी।
भविष्य की योजनाओं के लिए महत्वपूर्ण
कोच मंडला माशिंबी ने स्वीकार किया कि डेन वैन नीकेर्क का अनुभव टीम की भविष्य की योजनाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण होगा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा, “यह हमारी भूल होगी अगर हम सोचें कि वह बड़ी योजना का अहम हिस्सा नहीं हैं। वह टीम की कप्तान रह चुकी हैं और लंबे समय तक सफलतापूर्वक खेलती रही हैं। मेरे लिए ऐसी खिलाड़ी को टीम में वापस लाना कोई बड़ी बात नहीं थी।”
वैन नीकेर्क को नहीं मिलेगा कोई विशेष फायदा
कोच मंडला माशिंबी ने यह भी स्पष्ट किया कि डेन वैन नीकेर्क को उनके अनुभव के आधार पर कोई विशेष लाभ नहीं दिया जाएगा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा, “वह किसी भी अन्य खिलाड़ी की तरह हैं। उन्हें आगे बढ़ने के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी और अपनी जगह दोबारा साबित करनी होगी।”


