टेनिस में जोकोविच की शानदार वापसी, WTA फाइनल्स में गॉफ की जीत

0

नई दिल्ली : नोवाक जोकोविच ने यूनान में 30 साल से अधिक समय के बाद किसी शीर्ष स्तर के टेनिस टूर्नामेंट में वापसी करते हुए शुरुआती संघर्ष के बावजूद सीधे सेटों में जीत दर्ज की और हेलेनिक चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। 1994 के बाद पहली बार यूनान में आयोजित इस एलीट स्तर के टूर्नामेंट के पहले दौर में उन्होंने चिली के एलेजांद्रो ताबिलो को 7-6 (3), 6-1 से हराया।

पहले सेट में दोनों खिलाड़ियों ने दबाव में अपनी सर्विस बरकरार रखी, जब तक कि जोकोविच टाईब्रेकर में जीत नहीं गए। दूसरे सेट में शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी ने दो बार ताबिलो की सर्विस तोड़ी और मैच 90 मिनट में अपने नाम कर दिया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस वर्ष की शुरुआत में अपने परिवार के साथ एथेंस में बसने वाले जोकोविच ने मैच के बाद कहा, ‘‘एथेंस ने खेलना वास्तव में घर जैसा लगता है। यहां के लोग मेरे साथ बहुत दोस्ताना व्यवहार करते हैं जिसने वास्तव में मेरे दिल को छू लिया।’’

गत चैंपियन कोको गॉफ ने जैस्मीन पाओलिनी पर 6-3, 6-2 से जीत के साथ डब्ल्यूटीए फाइनल्स टेनिस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जीवंत रखा। गॉफ को टूर्नामेंट के अपने शुरुआती मुकाबले में जेसिका पेगुला से तीन सेटों में हार का सामना करना पड़ा था। उनका अगला मुकाबला शीर्ष रैंकिंग वाली एरिना सबालेंका से होगा। सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए उन्हें इस मैच में हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। सबालेंका ने पेगुला को 6-4, 2-6, 6-3 से हराकर पहले ही सेमीफाइनल में अपनी जगह सुरक्षित कर ली है। पाओलिनी लगातार दो मैच में हार से सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गई है। वह अपनी जोड़ीदार सारा इरानी के साथ इस प्रतियोगिता में युगल मुकाबला भी खेल रही हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here