अहमदाबाद। टी-20 विश्व कप में अफगानिस्तान के सामने अब बड़ी चुनौती है। पहले मैच में न्यूज़ीलैंड से हार के बाद टीम करो या मरो की स्थिति में मज़बूत साउथ अफ्रीका से भिड़ेगी। इस मैच में हार अफगानिस्तान की सुपर-8 की उम्मीदों को लगभग खत्म कर सकती है, जबकि साउथ अफ्रीका के लिए जीत अगले दौर का रास्ता काफी आसान बना देगी।
आंकड़े भी प्रोटियाज के पक्ष में हैं। टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अफगानिस्तान अब तक साउथ अफ्रीका को नहीं हरा पाया है। 2024 में हुए मुकाबले में अफगान टीम महज 56 रन पर सिमट गई थी। हालिया फॉर्म में भी साउथ अफ्रीका ने कनाडा के खिलाफ प्रभावशाली जीत दर्ज की है।
अफगानिस्तान को कप्तान राशिद खान से बड़ी उम्मीदें होंगी, जिन्होंने हाल के वर्षों में फुल मेंबर टीमों के खिलाफ लगातार विकेट निकाले हैं। वहीं साउथ अफ्रीका की बल्लेबाजी की जिम्मेदारी क्विंटन डीकॉक, एडन मारक्रम और डेविड मिलर पर रहेगी। लाल मिट्टी की पिच पर खेले जाने वाले इस मुकाबले में हाई-स्कोरिंग मैच की उम्मीद है।

