करो या मरो मुकाबला: पाकिस्तान और श्रीलंका की भिड़ंत, बारिश में धुला मैच तो किसे होगा फायदा?

0

पल्लेकल : न्यूजीलैंड पर इंग्लैंड की जीत ने पाकिस्तान की सेमीफाइनल की उम्मीदों को जीवित तो रखा है, लेकिन सुपर-8 में आगे बढ़ने के लिए उसे हर हाल में श्रीलंका के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज करनी होगी। पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच यह महत्वपूर्ण मुकाबला शनिवार को पल्लेकल में खेला जाएगा। ध्यान रहे कि सुपर-8 में पाकिस्तान का एक मैच पहले ही बारिश के कारण रद्द हो चुका है, और अगर यह मुकाबला भी बारिश की भेंट चढ़ा तो टीम की सेमीफाइनल की राह पर बड़ा असर पड़ेगा।

सुपर-8 चरण के ग्रुप-2 में इंग्लैंड ने अपने तीनों मैच जीतकर छह अंकों के साथ सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। न्यूजीलैंड ने तीन मैचों में एक जीत, एक हार और एक रद्द मैच के साथ तीन अंक हासिल किए हैं और नेट रन रेट +1.390 के साथ दूसरे स्थान पर है। पाकिस्तान दो मैचों में एक हार और एक रद्द मैच के बाद एक अंक लेकर तीसरे स्थान पर है, जबकि उसका नेट रन रेट -0.461 है। वहीं, सह-मेजबान श्रीलंका ने सुपर-8 में अपने शुरुआती दोनों मुकाबले गंवा दिए, जिससे उसका सेमीफाइनल का सफर थम गया।

अगर-मगर के डगर में फंसा पाकिस्तान
  • इंग्लैंड के खिलाफ न्यूजीलैंड की हार से सेमीफाइनल की दौड़ दिलचस्प हो गई है और एक बार फिर पाकिस्तान अगर-मगर के डगर में फंस गया है।
  • यहां से नेट रन रेट काफी अहम हो गया है। यानी पाकिस्तान को सिर्फ श्रीलंका को हराना ही नहीं होगा, बल्कि बड़ी जीत दर्ज करनी होगी।
  • श्रीलंका के खिलाफ अगर पाकिस्तान पहले बल्लेबाजी करता है और उसने 160 रन का स्कोर बनाया है तो उसे ये मैच 64 या इससे अधिक रनों से जीतना होगा।
  • अगर पाकिस्तान पहले गेंदबाजी करता है और श्रीलंका को 160 के स्कोर पर रोक लेता है तो उसे 40+ गेंद या 13.1 ओवर में ही ये लक्ष्य हासिल करना होगा।
  • पाकिस्तान की टीम अगर ऐसा नहीं कर सकी तो बेहतर नेट रन रेट के आधार पर न्यूजीलैंड सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर लेगा।

पाकिस्तान और श्रीलंका के मैच पर न्यूजीलैंड की भी निगाहें टिकी हैं, क्योंकि इसी मुकाबले से तय होगा कि कीवी टीम का टी20 विश्व कप में सफर आगे बढ़ेगा या नहीं। पाकिस्तान ने सुपर-8 में अब तक केवल एक अंक अर्जित किया है, जो उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ रद्द हुए मैच की वजह से मिला। अगर पाकिस्तान और श्रीलंका का मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ जाता है, तो दोनों टीमों को एक-एक अंक मिलेंगे। इस स्थिति में पाकिस्तान का कुल अंक दो रह जाएगा, जबकि न्यूजीलैंड के पहले से ही तीन अंक हैं। यानी अगर पल्लेकल में बारिश के कारण मैच नहीं हो पाता, तो पाकिस्तान का सुपर-8 में सफर यहीं समाप्त हो जाएगा।

पाकिस्तान के प्रशंसकों के लिए राहत की बात यह है कि पल्लेकल में शनिवार को बारिश की संभावना लगभग नहीं के बराबर है। श्रीलंका मौसम विभाग के अनुसार, पल्लेकल में शनिवार को बारिश का अनुमान केवल 1% है और तापमान 19 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। अगर पाकिस्तान की टीम सेमीफाइनल में जगह बनाने में सफल होती है, तो यह मुकाबला चार मार्च को कोलंबो में खेला जाएगा। वहीं, अगर पाकिस्तान सेमीफाइनल में जगह नहीं बना पाता, तो पहले सेमीफाइनल मैच की मेजबानी कोलकाता के ईडन गार्डेंस में होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here