दिल्ली ओलंपिक एसोसिएशन और दिल्ली प्रो वॉलीबॉल लीग के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर दी शुभकामनाएं, ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में निभाएंगे अहम जिम्मेदारी
नई दिल्ली। आगामी राष्ट्रमंडल खेल 2026 के लिए भारतीय दल के शेफ डी मिशन नियुक्त किए जाने पर दिल्ली ओलंपिक एसोसिएशन (डीओए) और दिल्ली प्रो वॉलीबॉल लीग (डीपीवीएल) ने रोहित राजपाल को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की कार्यकारी समिति के सदस्य, भारतीय डेविस कप टीम के कप्तान और ऑल इंडिया टेनिस एसोसिएशन (एआईटीए) के उपाध्यक्ष रोहित राजपाल से दिल्ली ओलंपिक एसोसिएशन के संरक्षक संजीव शर्मा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी कुलदीप वत्स तथा डीपीवीएल की सह-संस्थापक नीति रावत और जसोदा गुलिया के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की और उन्हें इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
राष्ट्रमंडल खेल 2026 का आयोजन 23 जुलाई से 2 अगस्त तक स्कॉटलैंड के ग्लासगो में होगा। प्रतियोगिता में राष्ट्रमंडल के 74 देशों और क्षेत्रों के लगभग 3,000 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। शेफ डी मिशन के रूप में रोहित राजपाल भारतीय दल के संचालन, समन्वय और खिलाड़ियों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। बैठक के दौरान डीपीवीएल के सह-संस्थापकों ने लीग के विजन, उद्देश्यों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी भी साझा की। इस पहल की सराहना करते हुए रोहित राजपाल ने दिल्ली और देश में वॉलीबॉल को बढ़ावा देने तथा खिलाड़ियों के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के प्रयासों की प्रशंसा की। बैठक में दिल्ली में वॉलीबॉल के विकास, युवा प्रतिभाओं को अवसर देने और खेलों के लिए मजबूत पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने पर भी चर्चा हुई। इस दौरान संजीव शर्मा और दिल्ली वॉलीबॉल एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष कुलदीप वत्स ने भी खेलों के विकास को लेकर अपने सुझाव साझा किए।


