ध्यानचंद जयंती पर ड्रैगन बोट प्रतियोगिता, खिलाड़ियों ने दी श्रद्धांजलि

0

मध्य प्रदेश कयाकिंग और कैनोइंग संघ की पहल, देशभर से खिलाड़ी हुए शामिल

(NST News) भोपाल. हॉकी के जादूगर स्वर्गीय मेजर ध्यानचंद की जयंती पर आयोजित दूसरे दिन के कार्यक्रमों में शनिवार को राजधानी में ड्रैगन बोट प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इसका संचालन मध्य प्रदेश कयाकिंग और कैनोइंग संघ ने किया। प्रतियोगिता से पहले खिलाड़ियों और अतिथियों ने ध्यानचंद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम की शुरुआत लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्डी बलवीर सिंह कुशवाहा और पार्षद जीत सिंह राजपूत की मौजूदगी में हुई। श्रद्धांजलि सभा में पी.एस. बुंदेला (अध्यक्ष, एमपीकेसीए), चेस एसोसिएशन के श्रीवास्तव, विरासत बचाओ मंच के सचिव हर्ष लिटोरिया और उपाध्यक्ष आर.के. दीक्षित सहित हरियाणा, पंजाब, छत्तीसगढ़ और अन्य राज्यों से आए खिलाड़ियों ने भाग लिया।

इस अवसर पर बलवीर सिंह कुशवाहा ने मेजर ध्यानचंद की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हर खिलाड़ी को उनके अनुशासन और समर्पण से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने याद दिलाया कि ध्यानचंद ने देशहित में सेना की ऊँची पदवी तक ठुकरा दी थी। पार्षद जीत सिंह ने कहा कि नगर निगम और वे स्वयं, खिलाड़ियों तथा एसोसिएशन को हर संभव सहयोग देंगे।

कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष पी.एस. बुंदेला ने सभी अतिथियों और खिलाड़ियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आज के समय में खिलाड़ियों को धन और नौकरी दोनों मिल रही हैं, लेकिन ध्यानचंद ने कभी व्यक्तिगत लाभ नहीं देखा, उनके लिए देश सबसे ऊपर था। आयोजन में आलोक खरे, मयंक ठाकुर और आर.के. कुंभकार भी उपस्थित रहे। खिलाड़ियों ने ड्रैगन बोट प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और इसे यादगार बना दिया।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here