नई दिल्ली. टीम इंडिया के तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद शमी एक बार फिर लाल गेंद क्रिकेट में लौटने के लिए तैयार हैं। उन्हें दलीप ट्रॉफी 2025-26 के लिए ईस्ट ज़ोन की टीम में शामिल किया गया है। इस टीम की कप्तानी विकेटकीपर-बल्लेबाज़ इशान किशन करेंगे, जबकि उप-कप्तान की जिम्मेदारी अनुभवी बल्लेबाज़ अभिमन्यु ईश्वरन को दी गई है। टूर्नामेंट की शुरुआत 28 अगस्त से बेंगलुरु में नॉर्थ ज़ोन के खिलाफ होगी। ईस्ट ज़ोन की टीम में कई प्रतिभावान खिलाड़ी शामिल हैं जैसे आकाश दीप, मुकेश कुमार, रियान पराग, विराट सिंह और मनीषी। खास बात यह है कि 14 साल के वैभव सूर्यवंशी को स्टैंडबाय खिलाड़ियों में जगह दी गई है, जिन्होंने हाल ही में इंग्लैंड में भारत अंडर-19 टीम के लिए तेज़ शतक लगाया था। वहीं बंगाल के टॉप स्कोरर सुदीप चटर्जी को इस बार टीम में नहीं चुना गया, जबकि सुदीप कुमार घरामी स्टैंडबाय लिस्ट में हैं। ईस्ट ज़ोन टीम का चयन संबंधित राज्य संघों के चयनकर्ताओं ने किया है, जिसमें बंगाल, झारखंड, बिहार, ओडिशा, असम और त्रिपुरा के प्रतिनिधि शामिल थे। टीम में अनुभव और युवा जोश का अच्छा संतुलन देखने को मिल रहा है। अब सभी की निगाहें शमी की वापसी और किशन की अगुआई में टीम के प्रदर्शन पर टिकी होंगी।
ईस्ट ज़ोन की पूरी टीम (दलीप ट्रॉफी 2025-26)
इशान किशन (कप्तान), अभिमन्यु ईश्वरन (उप-कप्तान), संदीप पटनायक, विराट सिंह, डेनिश दास, श्रीदाम पॉल, शरणदीप सिंह, कुमार कुशाग्र, रियान पराग, उत्कर्ष सिंह, मनीषी, सूरज सिंधु जयसवाल, मुकेश कुमार, आकाश दीप, मोहम्मद शमी
स्टैंड बाय: मुख़्तार हुसैन, आशीर्वाद स्वैन, वैभव सूर्यवंशी, स्वास्तिक सामल, सुदीप कुमार घरामी, राहुल सिंह।

