दुरंड कप: मोहन बागान की धमाकेदार जीत, बीएसएफ को 4-0 से हराया

0

कोलकाता। 134वें इंडियन ऑयल दुरंड कप के ग्रुप-बी मुकाबले में मोहन बागान सुपर जायंट ने शानदार खेल दिखाते हुए BSF फुटबॉल टीम को 4-0 से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। किशोर भारती क्रीड़ांगन में खेले गए इस मुकाबले में मोहन बागान ने पहले हाफ में एक और दूसरे हाफ में तीन गोल दागे। लिस्टन कोलाको ने दो गोल किए जबकि साहल अब्दुल समद और मनवीर सिंह ने एक-एक गोल किया। इस जीत के साथ मोहन बागान के दो मैचों में 6 अंक हो गए हैं, और वह ग्रुप में गोल अंतर के आधार पर डायमंड हार्बर एफसी से पीछे दूसरे स्थान पर है। दोनों टीमों के बीच 9 अगस्त को होने वाला अंतिम ग्रुप मैच क्वार्टरफाइनल की तस्वीर साफ करेगा।

मोहन बागान ने मैच की शुरुआत आक्रामक अंदाज में की और 24वें मिनट में 18 वर्षीय रोशन सिंह के क्रॉस पर मनवीर सिंह ने शानदार हेडर से पहला गोल किया। पहले हाफ में टीम के पास कई मौके आए लेकिन लिस्टन, थापा और मनवीर गोल करने से चूक गए। BSF की टीम ने पहले हाफ के अंत में कुछ मौके बनाए लेकिन किशोरी उन्हें भुना नहीं सके। दूसरे हाफ में कोच जोसे मोलिना ने बदलाव किए और साहल, कीयान और अल्बर्टो को मैदान में उतारा। सात मिनट के भीतर लिस्टन ने दो गोल दागे और फिर साहल ने 61वें मिनट में चौथा गोल किया। अंत में अल्बर्टो की एक शानदार कोशिश को बीएसएफ गोलकीपर हरप्रीत सिंह ने रोका। अब मोहन बागान को क्वार्टरफाइनल में पहुंचने के लिए 9 अगस्त को डायमंड हार्बर के खिलाफ जीत की जरूरत होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here