कोलकाता. एशिया के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप के 134वें संस्करण की पुरस्कार राशि को तीन गुना बढ़ाकर ₹3 करोड़ कर दिया गया है। यह ऐलान कोलकाता में आयोजित ट्रॉफी अनावरण समारोह के दौरान किया गया। आयोजन समिति ने बताया कि विजेता, उपविजेता, सेमीफाइनल और क्वार्टरफाइनल में पहुंचने वाली टीमों को इनामी राशि दी जाएगी। इसके अलावा, तीन व्यक्तिगत पुरस्कार विजेताओं को एसयूवी वाहन भी दिए जाएंगे।
समारोह में पश्चिम बंगाल के युवा सेवा एवं खेल मंत्री अरूप बिस्वास, प्रमुख सचिव राजेश कुमार सिन्हा (आईएएस), लेफ्टिनेंट जनरल मोहित मल्होत्रा और मेजर जनरल राजेश अरुण मोगे समेत कई गणमान्य लोग शामिल हुए। मंत्री अरूप बिस्वास ने घोषणा की कि 23 अगस्त को होने वाले फाइनल मुकाबले में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी मौजूद रहेंगी।
इस बार डूरंड कप का आयोजन लीग-कम-नॉकआउट फॉर्मेट में होगा, जिसमें 24 टीमें भाग लेंगी। कुल छह ग्रुप बनाए गए हैं और मैच पांच राज्यों में खेले जाएंगे। कोलकाता में दो ग्रुपों के मुकाबले होंगे और यहां 15 मैच आयोजित किए जाएंगे, जिनमें उद्घाटन मुकाबला, एक क्वार्टरफाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल शामिल हैं।
ग्रुप ए में ईस्ट बंगाल एफसी, इंडियन एयर फोर्स एफटी, नामधारी एफसी (पहली बार) और साउथ यूनाइटेड एफसी शामिल हैं। उद्घाटन मुकाबला 23 जुलाई को ईस्ट बंगाल और साउथ यूनाइटेड एफसी के बीच होगा।
ग्रुप बी में मोहन बागान सुपर जाइंट, मोहम्मडन एससी, बीएसएफ एफटी और डायमंड हार्बर एफसी शामिल हैं। बहुप्रतीक्षित कोलकाता डर्बी (मोहन बागान बनाम मोहम्मडन एससी) 31 जुलाई को किशोर भारती स्टेडियम में खेला जाएगा।
मेजर जनरल राजेश मोगे ने बताया कि इस बार चार उभरती फुटबॉल टीमों – लद्दाख एफसी, साउथ यूनाइटेड एफसी, बोडोलैंड एफसी और रंगदाजीद यूनाइटेड एफसी – को भी टूर्नामेंट में खेलने का मौका मिला है। आयोजन में भारतीय सेना, राज्य सरकार, पुलिस प्रशासन और स्पॉन्सर कंपनियों का सहयोग सराहनीय रहा है।


