नई दिल्ली : ईडन गार्डन की पिच को लेकर चल रही बहस और तेज हो गई है। विवाद तब और बढ़ा जब भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने यह साफ किया कि टीम को स्पिन सहायता देने वाली पिच की जरूरत है। हालांकि इस फैसले को लेकर कई विशेषज्ञों ने नाराजगी जताई, लेकिन पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुनील गावस्कर गंभीर के समर्थन में सामने आए। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार गावस्कर का कहना है कि पिच उतनी टर्न लेने वाली थी ही नहीं, जितना इसे बताया जा रहा है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सुनील गावस्कर ने इंडिया टुडे से बात करते हुए कहा, “यह बहुत ज्यादा टर्न लेने वाली पिच बिल्कुल नहीं थी। यह ऐसी विकेट थी जिस पर बल्लेबाजी उसी धैर्य और समझदारी के साथ करनी थी जैसे आप पांच दिन का टेस्ट मैच खेल रहे हों। यहां 50 ओवर या टी20 की तरह तीन डॉट गेंदों के बाद बड़े शॉट खेलने की जल्दबाजी दिखाने पर विकेट खोने का जोखिम बढ़ जाता है।”
5 विकेट हाथ में रहते लक्ष्य हासिल करना चाहिए था: गावस्कर
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सुनील गावस्कर ने कहा, ‘यही असल बात है। भारत के पास जैसा मजबूत बल्लेबाजी क्रम मौजूद था, उसे देखते हुए 124 रन का लक्ष्य कम-से-कम पांच विकेट शेष रहते हासिल किया जाना चाहिए था।’ उन्होंने आगे जोड़ा, ‘बहुत लोग पिच की चर्चा कर रहे हैं, लेकिन अगर आप साइमन हार्मर के ओवरों को ध्यान से देखें तो उनकी कितनी गेंदें वाकई ज्यादा घूम रही थीं? वह शानदार तरीके से वैरिएशन का इस्तेमाल कर रहे थे—कुछ गेंदें सीधी रखीं और कुछ को हल्का टर्न दिलाया।’
गौतम गंभीर का पिच पर साफ नजरिया
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पिच को लेकर अपने विचार साझा करते हुए गौतम गंभीर ने कहा, “असल मुद्दा यह है कि आपको टर्न खेलना आना चाहिए। हमने स्पिन सहायता वाली पिच की मांग की थी और हमें वैसी ही विकेट मिली। क्यूरेटर ने शानदार काम किया। मेरी नजर में, पिच चाहे जैसी भी हो, 123 रन का लक्ष्य हासिल किया जा सकता था। अगर बल्लेबाज हिम्मत दिखाएं, उनका डिफेंस मजबूत हो और वे धैर्य बनाए रखें, तो रन बनाना मुश्किल नहीं होता।”
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार गंभीर ने आगे कहा, “संभव है कि यह विकेट बहुत ज्यादा आक्रामक न रही हो जहां आप बड़े शॉट आसानी से खेल सकें, लेकिन अगर बल्लेबाज हिम्मत दिखाएं तो इस पिच पर रन बनाना बिल्कुल संभव था। यह वही तरह की विकेट थी जिसकी हमें जरूरत थी। जैसा कि मैंने पहले भी कहा, क्यूरेटर ने शानदार सहयोग दिया और हमें वही मिला जिसकी हमने मांग की थी। जब आप अच्छा प्रदर्शन नहीं करते, तो परिणाम ऐसे ही होते हैं।”
गंभीर की राय से पूरी तरह सहमत: सुनील गावस्कर
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सुनील गावस्कर ने गंभीर का समर्थन करते हुए कहा, ‘मैं गौतम गंभीर से पूरी तरह सहमत हूं। इस पिच पर 124 रन का लक्ष्य आसानी से हासिल किया जा सकता था। इसमें ज़रा भी शक नहीं था। पिच में कोई खामी नहीं थी। तीसरे दिन पिच का कुछ टर्न लेना बिल्कुल सामान्य बात है।’ उन्होंने सवाल भी उठाया, ‘बताइए, केशव महाराज की कितनी गेंदें वाकई में ज्यादा टर्न हुईं? और रविंद्र जडेजा या अक्षर पटेल की कितनी गेंदों ने तेज़ घूमकर बल्लेबाजों को परेशान किया?’

