नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच मुकाबला खेला जा रहा है। टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में 6 विकेट गंवाकर 196 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया है, जिससे इंग्लैंड के सामने 197 रनों का लक्ष्य है। कैरेबियाई टीम की शुरुआत बेहद खराब रही थी—पहले ओवर में एक और दूसरे ओवर में दो विकेट गिर गए थे। सलामी बल्लेबाज शे होप और ब्रेंडन किंग महज 8 रन के कुल स्कोर पर पवेलियन लौट गए। शुरुआती झटकों के बावजूद वेस्टइंडीज ने शानदार वापसी करते हुए बड़ा स्कोर बनाया। फिलहाल इंग्लैंड की टीम लक्ष्य का पीछा कर रही है।
टीम के लिए शिमरन हेटमायर ने 12 बॉल पर ताबड़तोड़ 23 रन बनाए। इसके अलावा रदरफोर्ट ने 42 बॉल पर ही 76 रन ठोकने का काम किया। जेसन होल्डर ने भी 17 बॉल पर विस्फोटक अंदाज में 33 रन ठोक दिए। यही कारण रहा कि टीम खराब शुरुआत के बाद भी इतने रन बनाने में कामयाब रही है।
टी20 विश्व कप में जब भी इंग्लैंड और वेस्टइंडीज आमने-सामने होते हैं, मुकाबला हमेशा रोमांच से भरपूर रहता है। साल 2016 के टी20 विश्व कप फाइनल को याद करें, जब यही दोनों टीमें खिताबी मुकाबले में भिड़ी थीं। करीब दस साल पहले कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में कार्लोस ब्रैथवेट ने बेन स्टोक्स की गेंदों पर लगातार छक्के जड़कर इतिहास रच दिया था और लगभग जीता हुआ मैच वेस्टइंडीज ने चंद पलों में अपने नाम कर लिया था। वहीं, आज के मुकाबले की बात करें तो यह मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जा रहा है, जहां एक बार फिर दर्शकों को जबरदस्त टक्कर देखने को मिल रही है।
वेस्टइंडीज की टीम: ब्रैंडन किंग, शे होप (विकेट कीपर), शिमरॉन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, रोमारियो शेफर्ड, मैथ्यू फोर्ड, जेसन होल्डर, अकील होसेन, गुडाकेश मोटी, शमर जोसेफ, जॉनसन चार्ल्स, रोस्टन चेस, क्वेंटिन सैम्पसन, जेडन सील्स
इंग्लैंड की टीम: फिल साल्ट, जॉस बटलर (विकेट कीपर), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, हैरी ब्रूक (कप्तान), सैम करन, विल जैक्स, जोफ्रा आर्चर, लियाम डॉसन, आदिल राशिद, ल्यूक वुड, जोश टंग, रेहान अहमद, जेमी ओवरटन, बेन डकेट।


