नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच चल रही पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले टेस्ट में इंग्लैंड की टीम कंगारू तेज़ गेंदबाज मिचेल स्टार्क के शानदार प्रदर्शन के आगे ध्वस्त हो गई और अपनी पहली पारी में केवल 172 रन ही जोड़ पाई। इंग्लैंड के कई अनुभवी बल्लेबाज इस पारी में फ्लॉप रहे और उन्हें बड़ी साझेदारी बनाने में कामयाबी नहीं मिली।
स्टार्क ने झटका लगाया, अपने नाम किए 7 विकेट
पहली पारी में इंग्लैंड के खिलाफ मिचेल स्टार्क ने तूफानी गेंदबाजी की और 12.5 ओवर में 58 रन देकर कुल 7 विकेट झटके। इस मैच के जरिए टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू करने वाले ब्रेंडन डॉगेट ने 2 सफलता हासिल की जबकि कैमरन ग्रीन को एक विकेट मिला। स्टार्क ने जैक क्राउली, बेन डकेट, जो रुट, कप्तान बेन स्टोक्स, जेमी स्मिथ, गस एटकिंसन और मार्क वुड को आउट किया। इनमें से स्टार्क ने जो रूट, जैक क्राउली और मार्क वुड को डक पर आउट किया।
हैरी ब्रुक का शानदार 52 रन का योगदान
इस मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम के लिए सबसे अधिक रन हैरी ब्रुक ने बनाए, जिन्होंने 52 रन की पारी खेली। इसके अलावा ओली पोप ने 46 रन का योगदान दिया, जबकि विकेटकीपर जेमी स्मिथ ने 22 गेंदों में 33 रन की तेज पारी खेली। बेन डकेट ने 21 रन जोड़े, लेकिन कप्तान बेन स्टोक्स महज 6 रन पर पविलियन लौट गए।
स्टार्क ने टेस्ट क्रिकेट में दिखाई करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज़ी
इंग्लैंड के खिलाफ पर्थ टेस्ट की पहली पारी में स्टार्क ने 58 रन खर्च कर 7 विकेट हासिल किए, जो उनके टेस्ट करियर की अब तक की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी साबित हुई। इससे पहले उनका सबसे अच्छा प्रदर्शन 9 रन देकर 6 विकेट का रहा था, जिसे उन्होंने 2025 में वेस्टइंडीज के खिलाफ किंग्सटन मैदान पर किया था। इस नई शानदार पारी के साथ स्टार्क ने अपने पुराने रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया।
टेस्ट में स्टार्क का बेस्ट प्रदर्शन
7/58 बनाम इंग्लैंड पर्थ- 2025
6/9 बनाम वेस्टइंडीज किंग्स्टन- 2025
6/48 बनाम भारत एडिलेड- 2024

