धीमी ओवर गति पर इंग्लैंड को बड़ा झटका, 12 WTC अंक कटे, खिलाड़ियों पर 50% मैच फीस का जुर्माना

0

लंदन। न्यूजीलैंड के खिलाफ द ओवल में खेले गए दूसरे टेस्ट में धीमी ओवर गति इंग्लैंड को भारी पड़ गई। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने इंग्लैंड पर विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के 12 अंक काटने के साथ खिलाड़ियों की मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना भी लगाया है।

मैच के दौरान इंग्लैंड निर्धारित समय से 12 ओवर पीछे रहा। WTC नियमों के अनुसार प्रत्येक कम ओवर पर एक अंक काटा जाता है, जबकि ICC आचार संहिता के तहत प्रत्येक कम ओवर पर मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है। अधिकतम सीमा 50 प्रतिशत होने के कारण इंग्लैंड के खिलाड़ियों पर यही जुर्माना लगाया गया।

बेन स्टोक्स की अनुपस्थिति में टीम की कप्तानी कर रहे जो रूट ने सजा स्वीकार कर ली, इसलिए मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट के सामने औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी। इंग्लैंड यह टेस्ट 253 रन से हार गया, जिससे तीन मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर हो गई। अब दोनों टीमों के बीच निर्णायक मुकाबला 25 जून से नॉटिंघम में खेला जाएगा।

12 अंक कटने के बाद इंग्लैंड की स्थिति WTC अंक तालिका में और कमजोर हो गई है। टीम अब 12 टेस्ट में 38 अंकों और 26.39 प्रतिशत अंक प्रतिशत के साथ नौ टीमों में सातवें स्थान पर है। मौजूदा WTC चक्र में धीमी ओवर गति के कारण इंग्लैंड पर यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here