नई दिल्ली: यूरोपा लीग फुटबॉल में रोमांचक मोड़ तब आया जब रोमा ने मुकाबले के आखिरी मिनटों में पेनल्टी स्पॉट से लगातार तीन मौके गंवा दिए, जिससे उन्हें लिली के खिलाफ 1-0 की हार का सामना करना पड़ा। मैच में बराबरी का सुनहरा अवसर मिलने के बावजूद रोमा उसे भुना नहीं सकी। आर्टेम डोवबिक ने दो बार पेनल्टी लेने का प्रयास किया, लेकिन दोनों बार लिली के गोलकीपर बर्क ओजर ने शानदार बचाव करते हुए गोल होने से रोक दिया। तीसरे प्रयास में भी रोमा नाकाम रही, और इसी के साथ मुकाबला उनके हाथ से फिसल गया। रेफरी ने गोल पोस्ट के पास अधिक खिलाड़ियों की मौजूदगी के कारण फिर से पेनल्टी का आदेश दिया। रोमा ने इस बार पेनल्टी लेने के लिए माटियास सोले को चुना लेकिन ओजर ने उनके प्रयास को भी विफल कर दिया।
इससे पहले मैच के छठे मिनट में हाकोन अर्नार हेराल्डसन ने गोल कर फ्रांस की इस टीम का खाता खोला। लिली की यह दो मैचों में लगातार दूसरी जीत है। अन्य मैचों में ब्रागा ने सेल्टिक और रीयाल बेटिस ने लुडोगोरेट्स को एक समान 2-0 से हराया। केरेम अकतुर्कोग्लू के दो गोल की मदद से फेनरबाचे ने नीस पर 2-1 से जीत दर्ज की। गो अहेड ईगल्स ने इसी अंतर से पैनाथिनाइकोस को हराया। टीम के लिए दोनों गोल मिलान स्मिट ने किये। चेक रिपब्लिक क्लब विक्टोरिया प्लजेन ने स्वीडिश क्लब माल्मो पर 3-0 से अपनी पहली जीत दर्ज की।

