Europe Tour : महिला हॉकी अकादमी की 06 खिलाड़ी जूनियर भारतीय टीम में चयनित

0

भोपाल। हॉकी इण्डिया ने यूरोप टूर के लिए भारतीय टीम की घोषणा की है। भारतीय टीम में मध्यप्रदेश राज्य महिला हॉकी अकादमी की 06 खिलाड़ियों-कु. ज्योति सिंह, कु. अदिति महेश्वरी, कु. शिलेमा चानू, कु. प्रियंका यादव, सोनम और सोनिया देवी का चयन हुआ है। भारतीय टीम नीदरलेण्ड बेल्जियम और जर्मनी में अभ्यास मैच खेलेगी। भारतीय टीम 21 से 29 मई तक यह दौरा करेंगी। अकादमी के पूर्व खिलाड़ी कु. निरूपमा देवी टीम में अतिरिक्त खिलाड़ी के रूप में चयनित हुई है।

बता दें कि पहली बार 06 खिलाड़ी भारतीय जूनियर हॉकी टीम में चयनित हुयी हैं। सभी खिलाड़ी म.प्र. राज्य खेल अकादमी ग्वालियर की वर्तमान खिलाड़ी हैं। टीम की कप्तान कु. ज्योति भी अकादमी की खिलाड़ी है। ज्योति मूलतः दतिया की मूल निवासी है। 04 साल पूर्व ही अकादमी में प्रवेश लिया था। सभी खिलाड़ी टीम के मुख्य प्रशिक्षक परमजीत सिंह के मार्गदर्शन में ग्वालियर में प्रशिक्षणरत् हैं।

प्रशिक्षक परमजीत सिंह ने 06 खिलाड़ियों के चयनित होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुये अवगत कराया सभी खिलाड़ी जूनियर नेशनल चैम्पियन टीम की सदस्य थी। अत्यंत प्रतिभाशली खिलाड़ी हैं। निश्चित ही देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।

उल्लेखनीय है कि म.प्र. राज्य महिला हॉकी अकादमी, ग्वालियर द्वारा वर्ष 2023-24 में राष्ट्रीय प्रतियेागिता में 08 स्वर्ण, 04 रजत और 01 कांस्य सहित कुल 15 पदक तथा अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर 03 स्वर्ण और 01 रजत सहित कुल 04 पदक अर्जित किये हैं। वर्तमान में मध्यप्रदेश राज्य महिला हॉकी अकादमी में 80 खिलाड़ी प्रशिक्षणरत हैं। टीम खेलो इण्डिया यूथ गेम्स में रजत पदक, ऑल इण्डिया यूनिवर्सिटी, खेलो इण्डिया यूनिवर्सिटी, वेस्ट जोन यूनिवर्सिटी और जूनियर नेशनल में स्वर्ण पदक अर्जित कर चुकी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here