कोलंबो। टी-20 वर्ल्ड कप के पहले मुकाबले में पाकिस्तान ने हार के मुहाने से वापसी करते हुए नीदरलैंड को 3 विकेट से शिकस्त दी। कोलंबो में खेले गए इस रोमांचक मैच में फहीम अशरफ ने आखिरी दो ओवरों में मैच का रुख पलटते हुए पाकिस्तान को यादगार जीत दिलाई। लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान को अंतिम दो ओवरों में 29 रन चाहिए थे। 19वें ओवर में फहीम अशरफ ने तीन छक्के जड़कर मुकाबला पाकिस्तान के पक्ष में कर दिया। इसी ओवर में उन्हें जीवनदान भी मिला, जब मैक्स ओडाउड ने उनका कैच छोड़ दिया। इसका फायदा उठाते हुए फहीम ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी और 11 गेंदों पर नाबाद 29 रन बनाए। उन्हें उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
इससे पहले पाकिस्तान की ओर से ओपनर साहिबजादा फरहान ने 47 रन की अहम पारी खेली, जबकि सईम अयूब ने 24 रन जोड़े। नीदरलैंड की गेंदबाजी में पॉल वैन मीकेरेन और आर्यन दत्त ने 2-2 विकेट लिए। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करते हुए पाकिस्तान ने नीदरलैंड को 19.5 ओवर में 147 रन पर समेट दिया। कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स ने सर्वाधिक 37 रन बनाए। पाकिस्तान की ओर से सलमान मिर्जा ने 3 विकेट झटके। इस जीत के साथ पाकिस्तान ने टूर्नामेंट में जीत के साथ आगाज़ किया।

